अमनदीप सिंह | अमृतसर मजीठा में 11.32 करोड़ से बनने वाली 23 ग्रामीण लिंक सड़कों की नींव रखने के बाद सीएम भगवंत सिंह मान ने 29 मिनट मंच पर बोले जिसमें 16 मिनट सरकार की 4 साल की उपलिब्धयां गिनाईँ। भाषण की शुरूआत में 3 मिनट सीएम ने अकाली दल की नीतियों पर हमला बोला। इसके बाद करीब 5 मिनट एसजीपीसी प्रधान धामी के खिलाफ बोलते हुए सवाल खड़े किए। गृह मंत्री अमित शाह से किसानों को लेकर रखी गई मांगों पर 3 मिनट तक बात की। 2 मिनट कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि इन्हें पहाड़े नहीं आते, 12×5 को 48 बता रहे हैं। अगर इनकी 60 सीटें आ गईं, तो यह 48 ही गिनेंगे। सीएम मान ने ऐलान करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आप मजीठा हलके से तलबीर सिंह गिल को उम्मीदवार बनाएगी। सीएम मान ने कहा कि अब समय आ गया है कि मजीठा के लोग केवल मांग पत्र देने तक सीमित न रहें, बल्कि खुद फैसलों में भागीदार बनें। उन्होंने दावा किया कि मजीठा में ऐसा प्रतिनिधि भेजा जाएगा जो डर और दबाव की राजनीति नहीं बल्कि विकास और जवाबदेही में विश्वास रखता हो। मजीठा दाना मंडी में आयोजित रैली में मंच और जनता के बीच लगभग 30 फीट की दूरी रखी गई थी। पंजाबी गायकों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा और मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे पहुंचने तक लोग भंगड़ा करते रहे। शिलान्यास के बाद सीएम ने कहा कि मजीठा की बनने वाली नई सड़कें 5 साल तक मेंटेन की जाएंगी, जिन पर 9.94 करोड़ निर्माण और 1.38 करोड़ रखरखाव पर खर्च होंगे। सीएम ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मार्च 2022 में सत्ता संभालते ही पहला फैसला 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली देना था, जिसका सीधा लाभ लोगों को मिला है। अधिकांश लोगों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। वहीं तलबीर गिल ने सीएम से कॉलेज, पार्क और 50 किमी और सड़कों की मांग रखी। वहीं मंच पर मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, विधायक दविंदर सिंह धोस और तरनतारन विधायक हरमीत सिंह संधू के लिए कुर्सियां लगी थी, मगर यह तीनों नेता रैली में पहुंचे नहीं। पंडाल की एंट्री से चंद कदम पहले पड़ी सिरिंज। भास्कर की ओर से फोटो किए जाने के बाद पुलिस ने इन सिरिंज को हटवा दिया। फोटो | सुनील कुमार


