भास्कर न्यूज | अमृतसर 3 किलो हेरोइन, 2 पिस्टल और 25 कारतूस के साथ काबू जोबनजीत सिंह (21) निवासी गांव कोटली सुरसिंह को कोर्ट में पेश करके 5 दिन का रिमांड हासिल किया गया। आरोपी ने बैड और शौचालय में हेरोइन और हथियार छिपाकर रखे थे। यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी, जिसे आरोपी ने स्टोर करके घर में रखा था। आरोपी ने खेप को आगे सप्लाई करना था। यहां तक कि आरोपी 2 महीने के बाद पुर्तगाल भागने की प्लान बना रहा था। पहले से आरोपी के खिलाफ झगड़े और असलहा एक्ट के तहत थाना भिखीविंड में एक पर्चा दर्ज है, जिसमें वह वांछित चल रहा है। आरोपी ने यह दूसरी खेप मंगवाई थी। इससे पहले एक बार खेप को ठिकाने लगा चुका है। जोबनजीत 6 महीने से हेरोइन और हथियार सप्लाई का काम कर रहा है। हालांकि उसने खेप को घर में स्टोर किया, लेकिन उसे अभी कोई पैसे नहीं मिले थे। वह सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। एसपी एएनटीएफ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी हेरोइन की सप्लाई करता है और उसके घर में हेरोइन की खेप है। टीम ने तुरंत आरोपी के घर रेड की और बरामदगी के साथ जोबनजीत को काबू किया।


