3 ​दिन से मिल रही थी धमकियां, 2019 में कोचा ग्रुप ने की थी लव के दोस्त आशु की हत्या

भास्कर न्यूज | अमृतसर फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित स्माइल इंक्लेव में 6 साल पुराने झगड़े की रंजिश में पिता के सामने युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की है। बाइक सवार 3 हमलावरों ने युवक को 6 गोलियां मारी। गोलियों की आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए तो हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंपा। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह (25) उर्फ अरनव के रूप में हुई है। लवप्रीत के सिर, छाती, पेट, टांग और गले पर गोलियां मारी गई। वारदात के बाद इलाके में डर का माहौल है। हालांकि पुलिस ने 3 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचे ऑल इंडिया हिंदू संघर्ष कमेटी के जरनल सचिव रजत मादान ने आरोप लगाते हुए कहा कि लवप्रीत की हत्या कोचा ग्रुप ने करवाई है। 3 दिन से लव को जान से मारने की धमकी मिल रही थी। लव ने शुक्रवार रात फोन करके जानकारी भी दी थी। जब तक वह सतर्क होते तब तक शनिवार रात उसकी हत्या कर दी गई। कोचा ग्रुप से झगड़े की शुरुआत 2018 में शुरू हुई थी। कोचा ग्रुप का सदस्य स्माइल इंक्लेव में ही रहता है। जिस गली में वह रहता है उसकी अगली गली में लवप्रीत रहता था। कोचा ग्रुप का सदस्य इलाके में अनख में रहता था। किसी बात को लेकर लवप्रीत के साथ झगड़ा हो गया और दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ भी मारे थे। दोनों के खिलाफ क्रॉस केस भी हुआ था। झगड़े के बाद कोचा ने साथियों के साथ मिलकर 2019 में लवप्रीत से झगड़ा किया, जिसमें लव के दोस्त आशु की मल्ली में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। एसएचओ हरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता हैप्पी का बयान दर्ज कर केस दर्ज किया है। सीसीटीवी खंगाल रहे हैं। 2019 में कोई पुराना झगड़ा हुआ था, जिसकी रंजिश में युवक की हत्या की गई है। आरोपियों के पकड़े जाने पर खुलासा होगा। वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि लव सैलून में काम करता था, मगर अभी बेरोजगार था। 2019 में लव के दोस्त आशु की हत्या मामले में थाना छेहर्टा में पर्चा दर्ज हुआ था और कोचा सहित 8 आरोपियों को जेल हुई थी। कोचा के कुछ साथी जेल से जमानत पर बाहर आए थे, जो लव को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। अब लव की हत्या कर दी। हमला करने वाले नंगली के हैं। लवप्रीत चार भाई-बहन है। वह सबसे छोटा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *