जयपुर| निवेशकों के राजस्थान से मुख मोड़ने के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के आरोपों पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पलटवार किया। राठौड़ ने कहा कि जूली का संवैधानिक दायित्व है कि राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएं। लेकिन दुर्भाग्यवश ये अपनी जिम्मेदारियों से भटक कर केवल निराधार आरोप लगाने में व्यस्त हैं। आपकी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान भी चुनाव से ठीक पहले इन्वेस्ट समिट का आयोजन किया गया था, जिसमें करीब साढ़े 12 लाख करोड़ रुपए के एमओयू हुए थे। लेकिन वास्तविकता में सिर्फ 2% ही धरातल पर उतर सके। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 30 से अधिक देशों के 5000 से अधिक निवेशकों ने भाग लिया, जिसमें 35 लाख करोड़ रुपए से अधिक के एमओयू हुए। भजनलाल सरकार की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि मात्र 3 महीने के भीतर 10% निवेश धरातल पर उतर चुका है।


