भास्कर न्यूज| महासमुंद कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने अवैध गांजा तस्करी करते एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 22 किलो गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत 3.33 लाख आंकी गई है। आरोपी कार में गांजा छिपाकर ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। थाना कोमाखान क्षेत्र में 1 सितंबर को टेमरी नाका में चेकिंग दौरान मुखबिर से मारूती डिजायर क्रमांक ओडी 26 जी 3624 के पीछे डिक्की में गांजा रखकर बेचने ओडिशा की ओर से महासमुंद आने की सूचना मिली थी। सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस टीम टेमरी नाका में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी कि तभी ओडिशा की तरफ से एक डिजायर कार को टेमरी नाका में रोका। पुलिस ने ओडिशा से आने का कारण और कार में क्या रखा है, पूछने पर गोलमोल जवाब मिला। संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली तो वाहन की पीछे डिक्की में एक बोरी रखी थी। इसे खोलकर देखने पर 22 किलो गांजा मिला। आरोपी से पूछताछ करने पर ओडिशा से लाना और खुर्सीपार भिलाई, दुर्ग के आनंद देवार व महेश देवार के पास बेचने के लिए ले जाना बताया गया। पुलिस ने खुर्सीपार भिलाई, दुर्ग जाकर उक्त व्यक्तियों का पतासाजी कर पकड़ लिया, जिन्होंने अपना नाम आनंद देवार पिता गब्बर देवार (22) निवासी देवार पारा खुर्सीपार जिला दुर्ग, महेश देवार पिता धनीराम देवार (40) देवार पारा खुर्सीपार बताया। पूछताछ में उक्त गांजा किशन पटेल द्वारा मंगाना बताया। आरोपी से 22 किलो गांजा कीमत 3.33 लाख और 1 कार 7 लाख रुपए, 4 मोबाइल कीमत जब्त कर आरोपी किशन पटेल पिता बिशेसर पटेल (47) कोटिपदर ओडिशा के खिलाफ थाना कोमाखान में धारा 20(ख) एनडीपीएस के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा।


