रतलाम के जावरा में सीएम डॉ मोहन यादव ने राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। इसमें जिले के 12 हजार 386 किसान भी शामिल हैं, जिनके खातों में 20.74 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से भेजे गए। रविवार को शासकीय भगत सिंह महाविद्यालय जावरा में सीएम का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सीएम ने सुजापुर में पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण पांडेय की प्रतिमा अनावरण किया। सीएम ने अगले साल से कृषि उत्सव मनाने और जावरा में आऊटडोर-इनडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में सीएम को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नजरबंद किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्हें छोड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने करीब 145 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले 33 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। सीएम बोले- अगले साल कृषि उत्सव मनाएंगे
सीएम ने कहा कि भावांतर किसानों के प्रति सरकार का श्रद्धाभाव है। इसकी राशि किसानों के अधिकार की है। किसानों के कल्याण के लिए हम कभी भी पीछे नहीं रहेंगे। नए वर्ष 2026 को हमने अन्नदाताओं के कल्याण को ही समर्पित किया है। अगले वर्ष हम कृषि उत्सव मनाएंगे। किसान भाइयों की समृद्धि का उल्लास मनाएंगे। आधुनिक तरीके से खेती, कृषि विस्तार सेवाएं और नई-नई तकनीकों को हम गांव-गांव तक पहुंचाएंगे, जिससे किसान भाई अपनी खेती-किसानी को और बेहतर बनाने के लिए सही समय पर सही निर्णय ले सकें। इसमें रतलाम जिले के 12 हजार 386 किसान भी शामिल हैं, जिनके खातों में 20.74 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से भेजे गए। सीएम ने कहा कि आज की भावांतर राशि को मिलाकर हमारी सरकार अब तक प्रदेश के 6.25 लाख से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों को करीब 1300 करोड़ रुपए की भावांतर राशि का भुगतान कर चुकी है। इसमें 18 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 127 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। सीएम ने मालवा के गांधी के नाम से प्रसिद्ध डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय की जीवनी पर केन्द्रित पुस्तिका का विमोचन भी किया। इससे पहले सीएम ने कार्यक्रम स्थल पर लगी कृषि विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जावरा में आऊटडोर-इनडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा
जनप्रतिनिधियों की मांग पर जावरा नगर में एक आधुनिक आऊटडोर-इनडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा की। जावरा में हेरिटेज भवन के निर्माण और एक बेहद पुराने जीर्ण-शीर्ण स्कूल की संपूर्ण मरम्मत के लिए 2-2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। सीएम ने जिले के ग्राम शुजापुर और ग्राम पिपलौदा में एक-एक नवीन बालिका छात्रावास भवन बनाने की भी घोषणा की। सुजापुर में पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण पांडेय की प्रतिमा अनावरण
सीएम डॉ मोहन यादव ने जावरा विधानसभा क्षेत्र के सुजापुर में पूर्व सांसद स्वर्गीय लक्ष्मीनारायण पांडेय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। यह जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय एवं परिवार द्वारा विकसित किए गए स्मृति कुंज में है। प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि पूर्व सांसद डॉक्टर पांडेय ने गांव की माटी से निकल कर आदर्शवादी राजनीति के दैदीप्यमान नक्षत्र के रूप में इस क्षेत्र की भूमि को प्रकाशमान किया है। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, वरिष्ठ नेता कुशाल भाऊ ठाकरे, पूर्व मुख्यमंत्री वीरेंद्र कुमार सखलेचा एवं डॉक्टर लक्ष्मी नारायण पांडेय का स्मरण करते हुए कहा कि जावरा मंदसौर संसदीय क्षेत्र एवं मध्य प्रदेश एवं देश की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। हम सभी डॉ. पांडेय के आदर्शों पर चलने का संकल्प ले। इस दौरान मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद शर्मा ,उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंदसौर जावरा नीमच क्षेत्र के लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जावरा विधायक राजेंद्र पांडे आदि मौजूद रहे। नदी जोड़ों परियोजना का मिलेगा लाभ
सीएम ने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का लाभ रतलाम जिले को भी मिलेगा। इस राष्ट्रीय परियोजना से राजस्थान के 15 जिले और मध्यप्रदेश के मालवा और चंबल अंचल के 15 जिले (30 से अधिक जिले) कृषि सिंचाई की स्थायी सुविधा से लाभान्वित होंगे। सीएम ने कहा कि मालवा क्षेत्र में करीब 5 हजार करोड़ रुपए लागत से एक नया आधुनिक फोर-लेन हाई-वे बनने जा रहा है। यह हाई-वे रतलाम जिले की सीमा से भी गुजरेगा। इस हाई-वे के निर्माण के लिए किसानों की सभी मांगे मानी जाएंगी। आवश्यकता हुई तो, भूमि अधिग्रहण के लिए मुआवजा राशि भी बढ़ा दी जाएगी। सीएम के जावरा पहुंचने पर तस्वीरें देखिए


