30 % जगह में बेसमेंट का नक्शा पास, 100 में बनवा रहे डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में नियमों के खिलाफ निर्माण

भास्कर न्यूज | अमृतसर रणजीत एवेन्यू स्थित डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बेसमेंट बनाने का काम जारी है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट से 363 गज जगह लेकर बनाए जा रहे शॉप-कम-ऑफिस (एसओसी 133-134) के नक्शे में केवल 30 फीसदी बेसमेंट बनाने की मंजूरी दी गई थी, लेकिन साइट पर 100 फीसदी बेसमेंट तैयार किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ ट्रस्ट दफ्तर से महज 500 मीटर की दूरी पर हो रहा है, बावजूद इसके अफसर अब तक मौके का दौरा करने नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, बेसमेंट बनाने का यह काम अंदरखाते सेटिंग कर धड़ल्ले से चल रहा है। सरकारी छुट्टियों और अफसरों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए निर्माणकर्ता जल्द से जल्द लेंटर डालने की तैयारी में हैं। सरिया और बाकी निर्माण सामग्री मंगा ली गई है ताकि दिन-रात काम कराकर बेसमेंट का काम जल्द पूरा कर लिया जाए। चेयरमैन करमजीत सिंह रिंटू के नोटिस में मामला आने के बाद अब एसई से रिपोर्ट मांगी गई है। निर्देश दिए गए हैं कि यदि नियमों के विपरीत निर्माण हो रहा हो तो तत्काल रोक लगाई जाए माना जा रहा है कि अफसर एक नया तरीका अपनाकर निर्माणकर्ताओं से एफिडेविट ले रहे हैं कि बाद में दीवारें बना लेंगे, ताकि फाइलों में सब कुछ सही दिखे। लेकिन सवाल यही है कि जब निर्माण की शुरुआत में ही गड़बड़ी सामने आ जाती है, तो फिर तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं होती? बार-बार कागजी कार्रवाई में मामले को उलझाकर अवैध निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी तरह की लापरवाही के चलते शहर में पहले भी कई अवैध बिल्डिंग खड़ी हो चुकी हैं और यह सिलसिला आज भी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *