हफ्ते भर की भीषण गर्मी के बीच झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। राजधानी रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में दिनभर की भीषण गर्मी के बाद देर रात मौसम का मिजाज बदला। रांची में आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि, न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री बढ़कर 23.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस वजह से गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिली। आज बादल बारिश से राहत की उम्मीद चिलचिलाती धूप और गर्मी से आज से बड़ी राहत मिल सकती है। सुबह से रांची सहित अन्य जिलों में बादल छाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने रांची सहित झारखंड के मौसम में 27 अप्रैल से तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इधर, पिछले 24 घंटे के दौरान डाल्टनगंज 44.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इन जिलों के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट आज रांची, खूंटी समेत राज्य के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र एवं मध्य क्षेत्र अन्तर्गत पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, बोकारो, रामगढ़ एवं हजारीबाग में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात होने की संभावना है। 28 व 29 अप्रैल को भी अधिकतर जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की संभावना है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 30 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। क्यों बदल रहा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर मिली जानकारी के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से झारखंड के मौसम में बदलाव हो रहे हैं। यही वजह है कि शनिवार को बोकारो, धनबाद, सिंहभूम सहित अन्य इलाकों में मौसम ने करवट बदली। बहरागोड़ा में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग में बताया है कि यह बदलाव अगले 3 दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान न केवल बारिश होगी बल्कि ओलावृष्टि और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। लगभग पूरे राज्य में मौसम की स्थिति ऐसी ही रहेगी। 28 अप्रैल को 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट मौसम में होने वाले बड़े बदलाव को देखते हुए 28 अप्रैल को 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि 29 अप्रैल को कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 30 अप्रैल को पूरे राज्य में तेज हवा और मेघ गर्जन की संभावना है। इस दिन के लिए पूरे राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।


