30 बीघा सरकारी भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त:भूमाफिया ने अवैध रूप से कर रखी थी गेहूं-सरसों की फसल, ट्रैक्टर-जेसीबी चलाकर की नष्ट

धौलपुर जिले के मनियां थाना इलाके के गांव सियापुरा में गुरुवार को तहसीलदार देवेंद्र कुमार तिवारी के नेतृत्व में भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई बाद 30 बीघा सरकारी जमीन को भूमाफियाओं के कब्जे से मुक्त कराया है। भू माफियाओं ने सरसों और गेहूं की फसल की बुवाई कर रखी थी। तहसीलदार देवेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश में कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी कि मनियां तहसील क्षेत्र के गांव सियापुरा में भू माफियाओं ने चारागाह भूमि एवं सरकारी रास्तों पर अवैध अतिक्रमण किया है। भू माफियाओं द्वारा अवैध तरीके से सरसों और गेहूं की फसल की बुवाई कर रखी है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच पड़ताल की गई। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारागाह भूमि को चिह्नित किया। सरकारी जमीन को खाली करने के लिए आरोपियों को नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन भू माफियाओं ने जमीन को खाली नहीं किया। स्थानीय मनियां पुलिस थाने की टीम को साथ लेकर राजस्व विभाग की टीम ने सियापुरा गांव में भू माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ट्रैक्टर और हल चलाकर सरसों एवं गेहूं की फसल को खुर्द बुर्द कर दिया है। चारागाह भूमि को प्रशासन ने कब्जे में ले लिया है। सरकारी जमीन की देखरेख के लिए स्थानीय पंचायत व संबंधित हल्का पटवारी को निगरानी रखने के लिए निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान गिरदावर चेतन शर्मा, पटवारी गोपाल सिंह, चंद्रभान सिंह, शुभम बंसल आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *