30 मिनट में दो करोड़ के जेवर चोरी, VIDEO:शटर तोड़ा और ताले काटकर घुसे, प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ले गए

डीडवाना-कुचामन में चोरों ने ज्वेलरी शोरूम से 30 मिनट में दो करोड़ के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। सात नकाबपोश बदमाश शोरूम का शटर तोड़कर अंदर घुसे। 150 ग्राम सोने के जेवर और करीब 45 किलोग्राम चांदी के जेवर चुराकर प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ले गए। मामला मकराना के हॉस्पिटल रोड स्थित अजमेर ज्वेलर्स शोरूम में गुरुवार तड़के का है। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि चोर गुरुवार तड़के 2 बजकर 46 मिनट पर शोरूम में घुसे। अंदर रखे आभूषणों को प्लास्टिक के कट्टों में भरा और 3 बजकर 16 मिनट पर फरार हो गए। पहले देखें घटना से जुड़े PHOTOS अब सिलसिलेवार पढ़ें घटनाक्रम शटर तोड़ा, ताले काटे और कांच तोड़कर घुसे
मकराना के हॉस्पिटल रोड पर कॉर्नर पर अजमेर ज्वेलर्स का शोरूम है। जिसके तीन शटर है। चोरों ने पहले मेन शटर को तोड़ने की कोशिश की, शटर नहीं टूटने पर चोर पीछे गली की तरफ लगे दूसरे शटर के पास गए। सरिए से शटर तोड़ा, फिर कटर से जाली वाले गेट के तीन ताले काटे और अंत में कांच तोड़कर 2 बजकर 46 मिनट पर दुकान के अंदर घुस गए। चोरी कर कोर्ट रोड की तरफ भागे
करीब 30 मिनट तक चोर शोरूम में मौजूद रहे। इस दौरान सोने और चांदी के आभूषण प्लास्टिक के कट्टों में भरे और करीब 3 बजकर 16 मिनट पर दुकान में चोरी कर बाहर निकल गए। शोरूम से करीब 100 मीटर दूर एक मकान के सीसीटीवी फुटेज में चोर कोर्ट रोड की तरफ जाते हुए नजर आ रहे हैं। सुबह किसी परिचित ने शोरूम के शटर टूटे देखे तो मालिक सुरेंद्र कुमार सोनी और देवानंद सोनी को फोन कर जानकारी दी। दोनों भाई दुकान पहुंचे तो टूटा-फूटा शटर और कांच देखकर हैरान रह गए। मेन गेट तो सही था, लेकिन गली वाली साइड से चोर अंदर घुसे थे। करीब दो करोड़ के आभूषण चुराए
शोरूम मालिक देवानंद सोनी के बेटे बालकिशन ने बताया- चोरों ने लगभग 45 किलो चांदी के बर्तन, डिनर सेट, जेवरात, पायजेब आदि, 150 ग्राम सोने के बाली, झुके आदि आभूषण और काउंटर में रखे करीब 10 हजार रुपए नकद और अन्य सामान चुरा लिया। उन्होंने बताया- चोरों ने करीब दो करोड़ के आभूषण चुराए हैं। पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही मकराना थाने के एएसआई शिवलाल तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली और डीडवाना से एफएसएल टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम के एएसआई नवाब खां व टीम ने मौके पर फिंगरप्रिंट सहित अन्य सबूत जुटाए वहीं साइबर सेल के आत्माराम ने सीसीटीवी, मोबाइल नेटवर्क आदि की जानकारी जुटाई। इस घटना से मकराना के ज्वेलर्स और व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *