करीब तीन दशकों के लंबे इंतजार के बाद हलवारा एयरपोर्ट आखिरकार सिविल उड़ानों के लिए ऑपरेशनल होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी को हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। एयर इंडिया को भारतीय वायुसेना से उड़ानों की अनुमति मिल चुकी है और मार्च के पहले सप्ताह से नियमित फ्लाइट सेवाएं शुरू होने की संभावना है। पूर्व सांसद और मौजूदा केबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने पुष्टि करते हुए बताया, एयरपोर्ट शुरू होने से लुधियाना व आसपास के लोगों की यात्रा का समय घटेगा। यहां निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। अरोड़ा ने बताया, पहले फेज में एयरबस शुरू होगी, जो दिल्ली के लिए मार्च के पहले हफ्ते में दो टाइम पर सप्ताह में 5 दिन चलेगी। एयरपोर्ट पर पहले रनवे छोटा था। जिसमें सिर्फ छोटे विमान उतरते थे। कनेक्टिविटी में सुधार व बड़े विमानों के लिए रनवे को बड़ा करने के साथ-साथनया टर्मिनल बनाया गया है। अब यहां ए-320 जैसे विमान उतर सकते हैं। ए-320 विमान में 150 से 180 यात्रियों की क्षमता है। यह घरेलू- मध्यम दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए उपयोग किया जाता है। सीआईसीयू ने कहा-बड़े शहरों तक होगी सीधी पहुंच चैंबर ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कमर्शियल अंडरटेकिंग (सीआईसीयू) के अध्यक्ष उपकार सिंह आहूजा ने कहा, संगठन पिछले एक दशक से एयरपोर्ट चालू करने की मांग करता आ रहा है, क्योंकि यह औद्योगिक क्लस्टर्स के लिए अत्यंत आवश्यक था। एयरपोर्ट व्यापारिक आवाजाही को आसान बनाएगा, निर्यात बढ़ाएगा। पंजाब को राष्ट्रीय व वैश्विक व्यापार मानचित्र पर और मजबूत करेगा। महासचिव हनी सेठी ने बताया, बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से देश के बड़े शहरों तक सीधी पहुंच संभव होगी, जिससे कारोबारी यात्राएं और माल की आवाजाही तेज हो सकेगी। स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।” एयरपोर्ट के लिए बढ़ते कदम दिसंबर 2018 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ सरकार का एमओयू हुआ। गलाडा ने 135.54 एकड़ जमीन एक्वायर की। मंडी बोर्ड ने अप्रोच रोड बनाई, पीडब्ल्यूडी ने रिटेनिंग वॉल- इंटरनल रोड बनाई। 22 नवंबर 2022 को सीएम स्तर पर हस्तक्षेप। {11 दिसंबर 2022 को निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपए जारी। 17 जनवरी 2023 को नागरिक उड्डयन मंत्रालय से दिल्ली-लुधियाना उड़ानें बहाल करने का आग्रह। 14 अप्रैल 2023 को एयरलाइंस से संपर्क। {22 अगस्त 2023 को नागरिक उड्डयन सचिव से मंजूरी मिली। 19 जुलाई 2024 को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, पीडब्ल्यूडी और भारतीय वायुसेना ने की समीक्षा हुई। 13 अगस्त 2024 को टाटा समूह के शीर्ष अफसर से उड़ानों के संचालन पर चर्चा की गई। 10 जनवरी 2025 को एयर इंडिया ने हलवारा एयरपोर्ट से फ्लाइट ऑपरेट करने पर सहमति दी। 23 मई 2025 को साहनेवाल से उड़ानों को हलवारा शिफ्ट करने और सिविल एयर टर्मिनल ऑपरेशनल करने का अनुरोध। जून 2025 तक स्ट्रक्चरल काम पूरा हुआ। 27 जुलाई 2025 को तकनीकी कारणों से उद्घाटन टला। 29 दिसंबर 2025 को एयर इंडिया ने 5 दिन उड़ानों को मंजूरी दी। 15 जनवरी 2026 को अंतिम सुरक्षा ऑडिट पूरा। बीसीएएस ने अनुमति दी। 29 जनवरी 2026 को पीएमओ से 1 फरवरी को उद्घाटन की पुष्टि मिली। कार्यक्रम 2 बजे, सीएम, एविएशन मंत्री पहुंचेंगे पीएम आज करेंगे टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन, ए-320 विमान उतर सकेंगे एक फरवरी की शाम पीएम नरेन्द्र मोदी नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन 3.45 बजे करेंगे। जिसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। एयरपोर्ट के मुख्य मार्ग और टूटे डिवाइडर को ठीक किया जा रहा है। डीसी हिमांशु जैन समेत एयरपोर्ट अधिकारियों ने परिसर का दौरा किया और जरुरी निर्देश दिए। उद्घाटन समारोह हलवारा एयरपोर्ट में दोपहर दो बजे से शुरु होगा। जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू, अमरिन्दर सिंह राजा वड़िंग, सांसद अमर सिंह, राज्यसभा सदस्य रजिंदर गुप्ता समेत कई कैबिनेट मंत्री व विधायक पहुंचने की संभावना है।


