सतना जिले की कोठी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 77 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जिसकी कीमत 32 हजार 173 रुपए आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुलुवा गांव में पुलिया के पास दो युवक बाइक (एमपी19-ईएच-9031) से अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। एक आरोपी भागा, एक मौके पर पकड़ा गया पुलिस को देखते ही एक आरोपी बाइक से कूदकर भाग निकला, जबकि दूसरे को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान बृजभान पुत्र वंशरूप कुशवाहा (30), निवासी गुलुवा के रूप में हुई। उसके पास से 77 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पूछताछ में बृजभान ने फरार आरोपी की पहचान अपने छोटे भाई अजय भान उर्फ राजा कुशवाहा (28) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजय भान को भी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। आबकारी एक्ट में केस, बाइक जब्त पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। शराब तस्करी में प्रयुक्त करीब 60 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। एक और आरोपी फरार, पहले से 7 केस दर्ज मामले में एक अन्य आरोपी राजभान उर्फ लाला कुशवाहा का नाम भी सामने आया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। राजभान के खिलाफ पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।


