भास्कर न्यूज | जांजगीर 37वें सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज पुलिस नियंत्रण कक्ष जांजगीर में यातायात पुलिस और जिला परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लर्निंग लाइसेंस और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट कैम्प का सफल आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस शिविर में कुल 328 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस बनवाया, जिससे यह एक दिन का सबसे बड़ा लाइसेंस शिविर साबित हुआ। शिविर में नागरिकों को एचएसआरपी नंबर प्लेट के महत्व, यातायात नियमों का पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बिना लाइसेंस वाहन न चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। यातायात पुलिस ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस बनवाकर विधिवत प्रशिक्षण के साथ वाहन चलाना न केवल कानूनी रूप से आवश्यक है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में भी मदद करता है। एचएसआरपी नंबर प्लेट से वाहन की पहचान आसान होती है।


