33 दिनों के संघर्ष के बाद एनएचएम कर्मियों ने मनाया बहाली उत्सव

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) जिला इकाई बलौदाबाजार द्वारा सोमवार को “संघर्ष की जीत – बहाली उत्सव” हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन उन 25 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की बहाली के उपलक्ष्य में किया गया, जिनकी सेवाएं आंदोलन के दौरान समाप्त कर दी गई थीं। कार्यक्रम ने न केवल कर्मचारियों के आत्मसम्मान को संबल दिया, बल्कि संगठित और शांतिपूर्ण संघर्ष की ताकत को भी रेखांकित किया। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के आह्वान पर 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक कुल 33 दिनों तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की गई थी। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया। आंदोलन के बीच संघ के अध्यक्ष सहित 25 अधिकारी-कर्मचारियों को सेवाओं से पृथक कर दिया गया था, जिनमें बलौदाबाजार जिले के तीन प्रमुख पदाधिकारी कौशलेश तिवारी (प्रदेश महासचिव), डॉ. रविकांत दीक्षांत (प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष) और हेमंत सिन्हा (प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष) शामिल थे। सोमवार को शासन के आदेश के बाद सभी 25 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की बहाली की गई। कार्य पर पुनः लौटने के अवसर पर एनएचएम परिवार बलौदाबाजार द्वारा बहाल कर्मचारियों का आत्मीय स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने कहा कि यह बहाली एकजुटता, धैर्यपूर्ण संघर्ष और संगठन की मजबूती का परिणाम है। यह निर्णय भविष्य में कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सकारात्मक और प्रेरक संदेश देता है। अंत में संघ ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संवाद और समन्वय से समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *