रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की लापता है। घटना के 38 दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस पर साहू समाज ने शनिवार शाम को सुल्तानगंज थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। साहू समाज के जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन सुल्तानगंज स्थित साहू समाज धर्मशाला में एकत्रित हुए। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी करते हुए थाने तक मार्च किया और थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। यह प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला, जिसमें समाजजनों ने नारेबाजी और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। पीड़ित बालिका के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे ने लापता होने की रात आरोपियों को बच्ची को बाइक पर ले जाते हुए देखा था, लेकिन पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। परिवार का यह भी आरोप है कि शिकायत के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। समाजजनों ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने और बच्ची की खोजबीन के नाम पर पीड़ित परिवार से खर्च करवाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। सूचना मिलने पर सिलवानी एसडीओपी अनिल मौर्य और नायब तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला मौके पर पहुंचे। साहू समाज ने अधिकारियों से लिखित आश्वासन की मांग की। एसडीओपी अनिल मौर्य ने तीन दिनों के भीतर बच्ची की तलाश और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। साहू समाज ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर बच्ची बरामद नहीं हुई और आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो उनका आंदोलन विधानसभा स्तर तक पहुंचेगा।


