छतरपुर जिले के सिविल लाइन पुलिस ने 7 साल पहले 4 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमरेंद्र कुमार दास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निवासियों की रिपोर्ट पर वर्ष 2018 में दर्ज किया गया था। बैंक में अवैध तरीके से फर्जी खातों में 4 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करने संबंधी दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। पुलिस की विवेचना में पाया गया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमरेंद्र कुमार दास ने दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी खातों में यह राशि स्थानांतरित की थी। जांच के दौरान धोखाधड़ी का यह अपराध सिद्ध पाया गया। पुलिस लंबे समय से फरार आरोपी अमरेंद्र कुमार दास की तलाश कर रही थी। उसके मूवमेंट संबंधी जानकारी एकत्र करने के बाद, पंजाब नेशनल बैंक छतरपुर के तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमरेंद्र कुमार दास पिता महाकांत लाल दास, निवासी जिला मधुबनी, बिहार (वर्तमान में जिला सतना निवासी) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि आरोपी से कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं। शेष कार्यवाही के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस कार्रवाई में एएसपी आदित्य पटले और सीएसपी अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में सिविल लाइन टीआई सतीश सिंह, एसआई जितेंद्र सोनी, एएसआई मोहनलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र सिंह, आरक्षक धीरेंद्र राजावत और सागर कोतवाली के प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


