मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक किसान की लड़ाई अपनी जमीन के लिए आईसीयू तक पहुंच गई है। भीकनगांव के मंडी रोड निवासी किसान चंद्रप्रकाश जायसवाल पिछले चार दिनों से SDM कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे थे। उनकी मांग थी कि उनकी जमीन का सीमांकन और नक्शा शुद्धिकरण किया जाए। किसान चंद्रप्रकाश के अनुसार, उनके रिकॉर्ड में 5 एकड़ जमीन दर्ज है, लेकिन मौके पर मात्र साढ़े 4 एकड़ जमीन ही मौजूद है। इस समस्या के समाधान के लिए वे पिछले चार वर्षों से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। पटवारी से लेकर मुख्यमंत्री तक, उन्होंने हर स्तर पर गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 15 जनवरी से धरने पर बैठे किसान की रविवार को तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें पहले भीकनगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका शुगर लेवल अधिक पाया। इसके बाद उन्हें खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में रेफर कर दिया गया, जहां डॉ. जुनैद अली सैयद की देखरेख में उनका इलाज जारी है। हालांकि, चंद्रप्रकाश का दावा है कि उनकी तबीयत में कोई खराबी नहीं थी और तहसीलदार के कहने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।


