डूंगरपुर की रामसागड़ा थाना पुलिस ने 4 महीने से फरार एक शातिर चोरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद से अपना नाम ओर ठिकाना बदलकर राजस्थान ओर गुजरात में भागता फिर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्त कर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि गिरीश पुत्र प्रेमजी रोत निवासी रातापानी की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। इसमें बताया की 12 से 19 सितंबर के बीच उसके घर में चोरी की वारदात हुई। घर से सोने चांदी के जेवर चुराकर ले गए। मामले में पुलिस ने छानबीन करते हुए आरोपी किरीट (22) पुत्र शांतिलाल खराड़ी निवासी नवाघरा गैंजी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है। वहीं, उसके कब्जे से चोरी के जेवर भी जब्त कर लिए है। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद राजस्थान ओर गुजरात में अलग अलग जगहों पर नाम ओर पहचान छुपाकर रह रहा था। आरोपी किरीट हत्या के एक मामले में चालानशुदा है। वहीं, चौरासी थाना क्षेत्र में भी नकबजनी के एक मामले में वांछित है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।


