अकलेरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजेश पाठक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने घाटोली बस स्टैंड एनएच 52 के पास नाकाबंदी के दौरान 57 वर्षीय दरियाव बाई को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने महिला के कब्जे से 28.04 ग्राम तैयार स्मैक और 2 किलो 874 ग्राम स्मैक बनाने का पाउडर बरामद किया। जब्त किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध कार्यों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


