पंजाब के अमृतसर में शहर में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग अब अपनी गाड़ी या मोटरसाइकिल घर के बाहर भी सुरक्षित नहीं छोड़ पा रहे। ताजा मामला थाना इस्लामाबाद के अधीन आने वाले इलाके राम नगर कॉलोनी, गली नंबर 11 से सामने आया है, जहां एक नौजवान की मोटरसाइकिल उसके घर के बाहर से दिनदहाड़े चोरी हो गई।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक अपनी बाइक घर के बाहर खड़ी कर थोड़ी देर के लिए अंदर गया था। लेकिन जब लौटा तो मोटरसाइकिल चोरी हो चुकी थी। युवक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। जिसके बाद आज उसके हाथ सीसीटीवी लगा, जिसमें चोर चंद मिनटों में उसका मोटरसाइकिल चुराता और उसे ले जाता दिखाई दिया।
जानें क्या है सीसीटीवी में
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने बड़ी सफाई से मोटरसाइकिल में चाबी लगाई, इंजन स्टार्ट किया और निडर होकर मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना को अंजाम देने में आरोपी ने मात्र 4 सेकेंड लगाए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी के समय न तो उसे किसी मोहल्लेवाले का डर था, न घरवालों का और न ही पुलिस-प्रशासन का कोई खौफ। चोर आराम से बाइक ले गया और कुछ ही सेकेंड में गली से गायब हो गया।
इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोग डर के साए में जी रहे हैं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है। कई बार शिकायत दर्ज होने के बाद भी चोरी हुई गाड़ियां बरामद नहीं होतीं और चोर खुलेआम घूम रहे हैं।


