बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अंतर्गत चुमरा बीट में वन विभाग ने अवैध कब्जा कर बनाए गए 11 मकानों को तोड़कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। यहां करीब 40 हेक्टेयर भूमि पर ग्रामीणों ने अवैध कब्जा कर रखा था। वन विभाग ने भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया है। जानकारी के मुताबिक, रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के विजयनगर सर्किल अंतर्गत चुमरा बीट में 11 ग्रामीणों द्वारा वनभूमि पर मकान बनाकर जमीनों पर कब्जा कर लिया गया था। करीब 40 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जे का सर्वे कराकर वन विभाग ने सभी को कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया था। कब्जा नहीं हटाए जाने पर शनिवार को वनविभाग की टीम मौके पर जेसीबी मशीनों के साथ पहुंची और सभी मकानों को तोड़ दिया गया है। 11 मकान ढहाए, दुबारा कब्जा न करने की हिदायत
वनविभाग द्वारा जिनका कब्जा हटाया गया है उनमें असगर, इब्राहिम, इस्माइल मोहम्मद, आबिद मोहम्मद, उख्तार मोहम्मद, मंसूर खान, संतोष गुप्ता, नेयाजुद्दीन, राजा मुन्ना, रामशरण एवं रघुनंदन शामिल हैं। यह कार्रवाई प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी विकास निकुंज के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एसडीओ फारेस्ट संतोष पांडेय सहित रामानुजगंज, वाड्रफनगर वन परिक्षेत्रों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। शांतिपूर्वक पूरी हुई कार्रवाई
वनविभाग की कार्रवाई का विरोध नहीं हुआ। वन विभाग ने अवैध रूप से बनाए गए सभी मकानों को ध्वस्त कर दिया और वनभूमि को कब्जा मुक्त कर दिया। वनविभाग ने लोगों को वन भूमि पर कब्जा न करने की हिदायत दी है। साथ ही बताया कि वनभूमि का सर्वे किया जा रहा है। अवैध अतिक्रमण हटाए जाएंगे।


