नारायणपुर| उत्तरप्रदेश के लखनऊ में आयोजित होने वाले 17वें आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत नारायणपुर व कांकेर जिले के 40 आदिवासी युवाओं को बीएसएफ ने रवाना किया है। युवाओं के दल के साथ बीएसएफ के 4 अफसर भी रवाना हुए हैं। लखनऊ में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए आदिवासी युवाओं से मिलकर स्थानीय युवा उनकी संस्कृति से परिचित होंगे। इसके अलावा खान-पान, रहन-सहन, सांस्कृतिक गतिविधियों व वेशभूषा के बारे में भी युवा जानेंगे। सभी राज्यों के स्थानीय लोक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और लखनऊ की पर्यटन व सांस्कृतिक महत्व वाली जगहों का भ्रमण भी करेंगे। कार्यक्रम में 18 से 22 वर्ष के 650 चयनित युवा भाग ले रहे हैं।


