मथुरा गेट थाना क्षेत्र के ठाकुर पायसा मोहल्ले में सोमवार रात पैसों के विवाद में 20 वर्षीय बेटे ने अपनी 40 वर्षीय मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। मां रूपनीय रसोई में खाना बना रही थीं, तभी बड़ा बेटा शनि, जो उसी दिन कुल्हाड़ी खरीदकर लाया था, अचानक हमलावर हो गया। उसने मां के हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। चीख-पुकार सुनकर 14 साल की बेटी गौरी बाहर भागी, लेकिन मोहल्ले में कोई बाहर नहीं आया। मोहल्लेवासी डर के मारे दरवाजे बंद किए बैठे रहे। घटना के बाद शनि बाइक लेकर फरार हो गया। किसी ने पुलिस को सूचना दी। घायल रूपनीय को 15 वर्षीय छोटा बेटा टिम्मू निजी अस्पताल लेकर गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची। सीओ सिटी पंकज यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के अनुसार, रूपनीय के पति डौली की मौत 10 साल पहले हो चुकी है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


