40 हजार महीना कमाने के नाम पर युवकों से ठगी:बैतूल एसपी की शिकायत, पीड़ित बोले- 8 लोगों ने 8 लाख से अधिक हड़पे

बैतूल और नर्मदापुरम जिलों के साथ-साथ महाराष्ट्र के कई युवकों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। मंगलवार को 8 पीड़ित युवकों ने कहा कि कुछ व्यक्तियों ने उन्हें कोयला कंपनी में नौकरी का झांसा देकर फर्जी तरीके से पैसे हड़प लिए। हमने आज एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। युवकों ने बताया कि आरोपितों ने पहले अपनी पहचान और संबंधों का हवाला देकर उनका विश्वास जीता। आरोपियों में प्रज्जवल जांगड़े, रवि चौबे, रोशन, शानू, प्रज्जवल दिवे, अनिकेत, आदर्श और मुकेश सावलेकर शामिल हैं। इन व्यक्तियों ने युवकों से नौकरी के लिए ‘फंड’ जमा करने को कहा। इसके बाद, आरोपितों ने प्रशिक्षण और मेडिकल जांच के बहाने युवकों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर भ्रमित किया। 40 हजार महीने की नौकरी देने की बात की थी युवकों ने बताया कि उन्हें बी.टी.सी. प्रशिक्षण के दौरान और डब्लू.सी.एल. (वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के क्वार्टर में रहते हुए नौकरी का वादा किया गया था, जिसमें प्रति माह 40,000 रुपए वेतन मिलने की बात कही गई थी। इस वादे के तहत, सभी युवकों ने अपनी क्षमतानुसार रकम दी। आरोपियों को 8 लाख का भुगतान किया गया बैंक लेनदेन और नकद के माध्यम से आरोपितों को कुल 8,79,000 रुपए का भुगतान किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण के दौरान अलग-अलग समय पर 50-50 हजार रुपए नकद भी दिए गए। कुछ आवेदकों ने तो पैसे जुटाने के लिए उधार लिया, अपने जेवर गिरवी रखे और वाहन भी गिरवी रखे। पैसे मांगने पर दी गईं धमकियां शिकायत में यह भी बताया गया है कि पैसे देने के बावजूद आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। युवकों को 8 दिन, 15 दिन, एक माह या 6 महीने इंतजार करने को कहा गया। जब आवेदकों ने अपने पैसे वापस मांगने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने उन्हें धमकियां दीं और गाली-गलौज भी की। इस घटनाक्रम से आवेदक मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से अत्यधिक परेशान हो गए हैं। पीड़ित युवकों ने पुलिस से आग्रह किया है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके ठगे गए पैसे वापस दिलाए जाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *