शहडोल जिले में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले आरक्षक महेश प्रसाद पाठक के परिवार के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने उनके बेटे सचिन पाठक को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का पत्र सौंपा। शहडोल कोतवाली में पदस्थ आरक्षक महेश प्रसाद पाठक की मृत्यु पिछले साल 7 दिसंबर को एक सड़क हादसे में हुई थी। वे शहडोल बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें कुचल दिया था। इस दुखद घटना के बाद विभाग ने अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी। रीवा के रहने वाले हैं सचिन पाठक नवनियुक्त आरक्षक सचिन पाठक रीवा जिले की सिरमौर तहसील के ग्राम सथिनी के निवासी हैं। उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते समय एसपी रामजी श्रीवास्तव के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान और कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे। एसपी ने दी ईमानदारी और निष्ठा की सीख नियुक्ति पत्र सौंपते हुए एसपी रामजी श्रीवास्तव ने सचिन को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति परिवार के जीविकोपार्जन में सहयोग के लिए दी गई है। सचिन को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभानी चाहिए। उन्हें किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए और हमेशा गलत कार्यों से दूर रहना चाहिए।


