धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी, मल्लार कोचा स्थित घर से लापता बच्चे (भाई-बहन) का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को रांची पुलिस ने दोनों लापता बच्चों की जानकारी देने वाले को 51 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले का नाम व पता भी पुलिस गुप्त रखेगी। रांची पुलिस ने दोनों बच्चों की तस्वीर के साथ पोस्टर जारी करते हुए कहा है कि ये दोनों जहाँ कहीं भी दिखाई दें, तुरंत हटिया डीएसपी के मोबाइल नंबर 8709911997 या धुर्वा थानेदार के 9771333475 नंबर पर फोन कर जानकारी दे सकते हैं। मालूम हो कि शुक्रवार की शाम मल्लार कोचा स्थित अपने घर से 7 साल का अंश कुमार अपनी 6 साल की बहन अंशिका कुमारी के साथ दुकान से चूड़ा व ब्रेड लेने निकला था। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है कि दोनों बच्चे कहाँ हैं। पुलिस तलाश में लगी है। गली में आकर स्मैक पीने वाले हो सकते हैं बच्चा चोर
दोनों बच्चों के पिता सुनील कुमार ने सभी रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन लापता दोनों बच्चे किसी के यहाँ नहीं पहुँचे हैं। उनको शक है कि मल्लार कोचा में रहने वाले कुछ लोग हैं, जिन्होंने उनके बेटा-बेटी को चुराया है। सुनील ने दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए कहा कि मौसीबाड़ी स्थित उनके घर से सड़क तक आने-जाने की जो गली है, उसमें जहाँ-तहाँ बैठकर कुछ लोग स्मैक पीते हैं। पूरा शक है कि स्मैक पीने वाले लोग ही उनके बेटे-बेटी को फुसला कर ले गए हैं।


