4829 छात्रों ने दी नवोदय चयन परीक्षा, 2652 अनुपस्थित

भास्कर न्यूज | बेमेतरा स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत संचालित आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालय योजना के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा, जिला बेमेतरा में नवोदय चयन परीक्षा 13 दिसंबर को हुई। प्राचार्य केके दहिकर ने बताया कि यह परीक्षा जिले के चारों विकासखंडों नवागढ़, बेमेतरा, साजा एवं बेरला में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर एक साथ आयोजित की गई। चयन परीक्षा के लिए कुल 7481 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 4829 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 2652 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल 64.55 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा का समय सुबह 11:30 से अपराह्न 1:30 बजे तक निर्धारित था, जिसे दो घंटे की अवधि में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। परीक्षा का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं जिले के कलेक्टर, डीईओ के मार्गदर्शन में किया गया। चारों विकासखंडों के प्रभारी अधिकारियों, सहायक जिला शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अमले के सहयोग से परीक्षा संचालन सुचारू रूप से हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के सभी 32 परीक्षा केंद्रों में मुख्य पर्यवेक्षक एवं केंद्र स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता व आपूर्ति को प्राथमिकता प्रश्न पत्रों की सुरक्षित आपूर्ति एवं गोपनीयता को विशेष प्राथमिकता दी गई। जवाहर नवोदय विद्यालय द्वारा कुल 10 शिक्षकों को सर्वेक्षण अधिकारी, रूट इंचार्ज एवं ब्लॉक समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया था। निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार 10 वाहनों के माध्यम से बैंकों से प्रश्न पत्रों का संकलन किया गया और उन्हें सीएस के माध्यम से पूर्ण सुरक्षा के साथ सभी 32 परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाया गया। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रश्न पत्रों एवं अन्य परीक्षा सामग्री को सीलबंद कर सुरक्षित रूप से कैंप कार्यालय में जमा कराया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *