5 करोड़ की लूट के आरोपी अब तक फरार:सराफा व्यापारियों ने एसपी से मुलाकात की; हथियार लाइसेंस की मांग, कहा- सोने के दाम बढ़ने से खतरा

पनागर में मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक ज्वेलर्स संचालक और उसके बेटे पर बदमाशों ने प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने सराफा व्यापारी के पास मौजूद तीन बैग में रखे करोड़ों रुपए के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इससे आक्रोशित होकर शुक्रवार को जबलपुर सराफा एसोसिएशन ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सराफा व्यापारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। व्यापारियों ने यहां तक कहा कि कानून-व्यवस्था पर भरोसा नहीं रह गया है, इसलिए उन्हें आत्मरक्षा के लिए हथियार रखने की अनुमति दी जाए। सोने के दाम बढ़े, हम निशाने पर जबलपुर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे सोने के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे सराफा व्यापारी बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। स्थिति यह है कि न सिर्फ जबलपुर, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और देशभर के सराफा व्यापारी दहशत में हैं। उन्होंने बताया कि पनागर की घटना से पहले जबलपुर में भी एक सराफा दुकान में घुसकर लूट की वारदात हुई थी और एक व्यापारी के बेटे का अपहरण तक किया गया था। लगातार बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। पांच करोड़ की लूट का दावा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ ने बताया कि 16 दिसंबर की रात पनागर के जय प्रकाश वार्ड निवासी व्यापारी सुनील सोनी अपने बेटे संभव सोनी के साथ एक्टिवा से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मेन रोड से गली के भीतर मुड़े, पहले से रैकी कर रहे तीन बाइकों पर सवार पांच लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें गोली सुनील सोनी की पीठ में लगी। इस दौरान संभव सोनी के हाथ में सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग था। लुटेरों ने बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन जब उसने बैग नहीं छोड़ा तो उस पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि बदमाश करीब पांच करोड़ रुपए का माल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान में लगभग 900 ग्राम सोना और करीब 18 किलो चांदी के जेवरात शामिल बताए जा रहे हैं। हमें सुरक्षा के लिए दो बंदूकें सराफा व्यापारियों ने जबलपुर एसपी से मुलाकात कर मांग की कि सभी सराफा व्यापारियों को सुरक्षा के लिए हथियार उपलब्ध कराए जाएं और इसके लिए लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। व्यापारियों ने पनागर गेट पर पुलिस चौकी खोलने की भी मांग की, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ ने कहा कि छोटे से बैग में ही करोड़ों रुपए का माल आ जाता है, इसी कारण सराफा व्यापारी बदमाशों के सीधे निशाने पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं होंगे, तब तक व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते रहेंगे। जल्द गिरफ्तार होंगे लुटेरे जबलपुर एसपी ने करीब आधे घंटे तक सराफा व्यापारियों की समस्याएं और मांगें सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही व्यापारियों की मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सीसीटीवी में दिखे लुटेरे मंगलवार रात करीब पांच करोड़ रुपये की लूट को अंजाम देने के बाद सभी लुटेरे बाइक से पीछे के रास्ते से फरार हो गए। वारदात स्थल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण फिलहाल आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे कैमरों में बदमाशों को भागते हुए देखा गया है। फिलहाल जबलपुर क्राइम ब्रांच और पनागर पुलिस संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और अहम सुराग जुटाए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *