5 टीचरों के ट्रांसफर से नाराज छात्र धरने पर बैठे:स्कूल के गेट पर ताला लगाया, मांगे नहीं मानने पर आंदोलन की चेतावनी

अलवर जिले के बहादुरपुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने गुरुवार को शिक्षकों के ट्रांसफर के विरोध में बहादुरपुर सड़क पर जाम कर दिया। छात्रों ने स्कूल के गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया। 10 जनवरी को एक साथ 5 टीचरों के ट्रांसफर से स्कूल में अचानक शिक्षकों की कमी हो गई और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने लगी। इसी के चलते छात्रों ने आज सड़क पर जाम लगा दिया। छात्रों का आरोप है कि जिन टीचर्स का ट्रांसफर हुआ है, वो अच्छा पढ़ाते थे, छात्रों के प्रति भी उनका व्यवहार अच्छा था। ऐसे में उन्हें वापस इसी स्कूल में लगाया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो दो दिन बाद तिजारा हाईवे जाम किया जाएगा और मिनी सचिवालय पर धरना दिया जाएगा। छात्र सुबह करीब साढ़े 9 बजे धरने पर बैठ गए। सूचना पर मामले की समझाइश करने तहसीलदार और सदर थाना एएसआई अरूण पहुंचे दो दिन के आश्वासन पर साढ़े 11 बजे धरना समाप्त कराया गया। छात्र राजकुमार ने बताया कि 10 जनवरी को इतिहास विषय के शिक्षक मोहर सिंह मीणा का झालावाड़, भूगोल के शिक्षक रामफल यादव का बारां, अंग्रेजी के शिक्षक सत्येंद्र कुमार का झालावाड़, हिंदी की शिक्षिका सुमन गुप्ता और हिंदी साहित्य की शिक्षिका तनु गुप्ता का अलवर जिले की अन्य स्कूलों में ट्रांसफर कर दिया गया है।छात्रों ने बताया कि 12वीं कक्षा के छात्रों के प्रैक्टिकल भी शुरू हो रहे हैं और पांच विषयों के शिक्षकों के एक साथ तबादले से पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि किसी शिकायत के आधार पर अच्छे शिक्षकों को एक साथ हटाया गया है। फिलहाल प्रशासन को दो दिन का समय दिया गया है।तहसीलदार और सदर थाना पुलिस ने छात्रों से ज्ञापन लेकर उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्र धरने से उठ गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *