राजगढ़ जिले में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से एडिप और वयोश्री योजना के तहत विशेष परीक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) उज्जैन के सहयोग से आयोजित होने वाले इन शिविरों में पात्र लाभार्थियों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में 18 से 22 फरवरी 2025 तक जिले की पांच जनपद पंचायतों में शिविर लगेंगे। शिविरों का कार्यक्रम इस प्रकार है – 18 फरवरी को ब्यावरा, 19 को सारंगपुर, 20 को खिलचीपुर, 21 को राजगढ़ और 22 फरवरी को जीरापुर में शिविर आयोजित होंगे। जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे
विशेषज्ञों की टीम द्वारा लाभार्थियों का परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि जिले के हर दिव्यांग और वृद्धजन को इस योजना का लाभ मिले, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। इच्छुक लाभार्थियों को आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि है), आय प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचना होगा।


