नए साल और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच विशेष आरक्षित ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। यह ट्रेन 27 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक कुल 5 ट्रिप लगाएगी। रेलवे का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाना है। ट्रेन नंबर 04081 (नई दिल्ली–कटरा): यह विशेष आरक्षित ट्रेन 27 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी। अपने पहले दिन ट्रेन रात 11.45 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) स्टेशन पर रुकेगी। लुधियाना पर पहुँचने का समय सुबह 4:15 बजे का है और 4:20 पर निकल जाएगी। ट्रेन नंबर 04082 (कटरा–नई दिल्ली): वापसी की विशेष ट्रेन 28 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक चलेगी। पहले दिन यह ट्रेन रात 9.20 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। मार्ग में उधमपुर, जम्मू, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशन पर ठहराव रहेगा। लुधियाना सुबह 3:45 पर आएगी और 3:50 पर रवाना हो जाएगी। 16 कोच के साथ होगा संचालन जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों की बढ़ती संख्या और स्थानीय लोगों की छुट्टियों की यात्रा जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे श्रद्धालुओं और यात्रियों को नए साल पर भीड़ से राहत मिलेगी। ट्रेन का संचालन 16 कोचों के साथ किया जाएगा।


