5 फरवरी से शुरू होंगे विशिष्ट फार्मर आईडी शिविर:एग्री स्टैक योजना के तहत किसानों को मिलेगा लाभ, आधार कार्ड जरूरी

राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी एग्री स्टैक योजना के तहत बूंदी जिले में किसानों के लिए विशेष पहचान पत्र बनाने का अभियान शुरू होने जा रहा है। 5 फरवरी से 31 मार्च 2025 तक चलने वाले इस अभियान में ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने बताया कि शिविरों में किसानों को विशिष्ट फार्मर आईडी बनवाने के लिए आधार कार्ड, जमाबंदी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर आना होगा। सत्यापन के बाद किसानों को एसएमएस के जरिए उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर यूनिक आईडी भेज दी जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ज्यादा से ज्यादा किसानों को आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी किसान इस सुविधा से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। उन्‍होंने निर्देश दिए कि शिविर स्‍थलों पर आधारभूत सुविधाएं, इंटरनेट की कनेक्‍टविटी, छाया व पेयजल, हेल्‍प डेस्‍क, ई मित्र, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस जाब्‍ता, आदि की सभी व्‍यवस्‍थाएं सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित तहसीलदार शिविर आयोजन से पूर्व संबंधित पंचायतों में माईकिंग के माध्‍यम से व्‍यापक प्रचार प्रसार करवाएं। साथ ही कृषकों से सीधे संपर्क रखने वाले राजकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्‍यम से किसानों प्रेरित कर शिविर तक लाएं। शिविरों में ऊर्जा, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, चिकित्‍सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहकर उनकी विभागीय योजनाओं से किसानों को अधिकाधिक लाभान्वित करें। जिला कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान को जिले में सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार, कृषि विभाग के अधिकारियों, विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी आदि को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी से 9 फरवरी तक प्रति तहसील एक-एक ग्राम पंचायत में तीन दिन शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 10 फरवरी से 16 फरवरी 2025 तक प्रति तहसील में 2-2 ग्राम पंचायत (चार ग्राम पंचायत प्रति तहसील प्रति सप्ताह) एवं 17 फरवरी से 31 मार्च तक 5-5 ग्राम पंचायतें प्रति तहसील (10 ग्राम पंचायत प्रति तहसील प्रति सप्ताह) कैम्प लगाये जाएंगे। 11 अंकों की प्रदान की जायेगी आईडी
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक किसान को विशिष्ट फार्मर आईडी 11 अंकों की प्रदान की जाएगी। किसानों द्वारा आईडी बनवाने के लिये आधार कार्ड, जमाबंदी, मोबाइल नम्बर की जरूरत होगी। भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं व सेवाओं तक आसान पहुंच करने, प्रधानमंत्री किसान-मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिये फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से प्राप्त आईडी उपयोगी होगी। 5 फरवरी को यहां आयोजित होंगे शिविर
कृषकों को विशिष्‍ट फार्मर आईडी जारी करने के लिए 5 फरवरी से शिविरों का आयोजन होगा। इसके तहत 5 से 7 फरवरी तक तहसील रायथल की ग्राम पंचायत खटकड, बूंदी में सिलोर, तालेडा में बरूंधन, हिण्‍डोली में सथूर, केशवरायपाटन में चितावा, इन्‍द्रगढ में मोहनपुरा तथा नैनवां में बांसी ग्राम पंचायत मुख्‍यालय पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविर सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक आयोजित होंगे। बैठक में उपखंड अधिकारी बूंदी एचडी सिंह, हिण्‍डोली एसडीएम शिवराज मीणा, लाखेरी एसडीएम भावना सिंह, केपाटन एसडीएम दीपक खटाना, तालेडा एसडीएम लक्ष्‍मीकांत मीणा सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कृषि, चिकित्‍सा, सहकारिता एवं जिला परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *