शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 मार्च को पं. नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला स्तरीय युवा संबल मेले का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने मेले की तैयारियों को तेज कर दिया है। मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बिजली, पेयजल, सुरक्षा और टेंट व्यवस्था को लेकर विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। इसका उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। जिला रोजगार अधिकारी श्याम लाल शर्मा ने बताया कि अधिक से अधिक प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के लिए नियोक्ताओं का पंजीकरण EEMS 2.0 पोर्टल पर शुरू कर दिया गया है। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक बेरोजगार युवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। शर्मा ने यह भी बताया कि मेले में हेल्थ, आईटी, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, एयरफोर्स और सिक्योरिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों की 30 से अधिक निजी कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। बैठक के दौरान 28 फरवरी को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल, उपखंड अधिकारी संजू मीणा और नगर परिषद आयुक्त कमलेश कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


