भास्कर न्यूज| बाड़मेर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रीको थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में पिछले 5 माह से फरार चल रहे वांछित आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतेश आर्य और वृत्ताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में रीको थानाधिकारी भंवरसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर आरोपी ओमप्रकाश निवासी बेरीवाला तला रावतसर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओमप्रकाश पिछले 5 माह से पुलिस को कई बार चकमा देकर फरार हो चुका है।


