राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम नई दिल्ली कंजर डेरा में दबिश के दौरान 905 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसमें देशी, अंग्रेजी और हाथ भट्टी की कच्ची शराब शामिल थी। मौके पर लगभग 1500 लीटर लहान भी नष्ट किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 लाख 38 हजार रुपए बताई जा रही है। नरसिंहगढ़ एसडीओपी मिनी शुक्ला के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। टीआई शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई अवैध शराब के लंबे समय से चल रहे कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई थी। इस मामले में कुल आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें जितेंद्र, अनिल, मनीष, राहुल, अभिषेक, अरुण, कमल और महेश शामिल हैं। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।इस सफल दबिश में नरसिंहगढ़, सारंगपुर, ब्यावरा, छापीहेड़ा, करनवास, बोडा, मलावर और कुरावर थानों की टीमें भी शामिल थीं। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर राहत व्यक्त की है, क्योंकि अवैध शराब के कारोबार के कारण इलाके में नशे की समस्या बढ़ रही थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध नेटवर्क को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।


