मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना फेस-4 के तहत शहर में 5 करोड़ 64 लाख रुपए से विकास कार्य होंगे। इनमें प्रमुख मार्गों पर धूल नियंत्रण और चार बड़े मुक्तिधामों का आधुनिकीकरण के अलाव अन्य काम शामिल हैं। शुक्रवार को महामाया चौक पर सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने इनका भूमिपूजन किया। 2 करोड़ 78 लाख 10 हजार रुपए की लागत से भोपाल, सागर और विदिशा को जोड़ने वाले तीनों मुख्य मार्गों के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे सड़क किनारे धूल नहीं उड़ेगी और यातायात सुगम होगा। साथ ही, बीच के डिवाइडर पर रेलिंग लगाई जाएगी, जिससे पेड़ों को सुरक्षा मिलेगी और सड़क की सुंदरता बढ़ेगी। शहर के चार प्रमुख मुक्तिधामों का भी आधुनिकीकरण होगा। इनमें वार्ड -1 का भोपाली फाटक मुक्तिधाम, वार्ड क्रमांक 18 का चौपड़ा मुक्तिधाम और वार्ड क्रमांक 11 का पूरन तालाब मुक्तिधाम शामिल है। वार्ड – 1 के भोपाली फाटक मुक्तिधाम में 105.41 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल, प्रार्थना हॉल, नलकूप खनन और पेयजल व हाथ धोने के स्टैंड का निर्माण होगा। वार्ड -18 के चौपड़ा मुक्तिधाम के लिए 58.89 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं, जिसमें शेड निर्माण, कार्यालय, अनुष्ठान मंच, पेयजल स्टैंड, प्रार्थना हॉल और नलकूप खनन जैसे कार्य शामिल हैं। वार्ड – 11 के पूरन तालाब मुक्तिधाम में 87.34 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवॉल, प्रार्थना हॉल, नलकूप खनन और पेयजल व हाथ धोने के स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। भूमिपूजन के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता जमुना सेन, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर पालिका सीएमओ सुरेखा जाटव, पार्षद राजकुमारी शाक्या, कैलाश ठाकुर और पार्षद प्रतिनिधि राहुल परमार सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेप्रभवि।


