5600 धावकों की रफ्तार से जागा बोकारो:सेल हाफ मैराथन में दिखा फिट इंडिया का जोश, दौड़ के बहाने फिटनेस का संदेश

बोकारो में रविवार को सेल बोकारो हाफ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें फिटनेस और खेल भावना का शानदार संगम देखने को मिला। सेक्टर-4 स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में करीब 5600 धावकों ने भाग लिया। झारखंड के कई जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी और फिटनेस प्रेमी बोकारो पहुंचे। आयोजन को लेकर बीते एक महीने से पंजीकरण प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें कुल 5800 धावकों ने नाम दर्ज कराया था। सुबह से ही स्टेडियम और आसपास के इलाकों में धावकों, उनके परिजनों और दर्शकों की भीड़ नजर आई। दौड़ शुरू होते ही पूरे शहर में उत्साह का माहौल बन गया। यातायात में बदलाव, सुरक्षा के कड़े इंतजाम मैराथन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सुबह 6 बजे से शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेटिंग की गई। मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम से पत्थरकट्टा चौक और सेक्टर-5 हटिया चौक तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया, ताकि धावकों को सुरक्षित और निर्बाध मार्ग मिल सके। मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर सहित अन्य दूरी की दौड़ें आयोजित की गईं। दुमका से आए धावक सुनील कुमार ने 10 किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लिया और कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। वहीं, धनबाद से आई एक महिला धावक ने आयोजन को पूरी तरह व्यवस्थित बताते हुए इसकी सराहना की। स्वस्थ शहर का संकल्प, परिवार संग जुड़ा आयोजन बोकारो स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने बताया कि सेल और बीएसपी की ओर से हर साल इस हाफ मैराथन का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य शहरवासियों को स्वस्थ और फिट रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे परिवार को जोड़ता है और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। पांच किलोमीटर दौड़ में असीम कुमार मिश्रा सहित सैकड़ों धावकों ने सफलतापूर्वक दौड़ पूरी की। आयोजन में डॉक्टरों की टीम भी सक्रिय रही। डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने इस बार 10 किलोमीटर दौड़ पूरी की और कहा कि डॉक्टरों का खुद फिट रहना जरूरी है। कार्यक्रम में सीजीएम टाउन एडमिनिस्ट्रेशन कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही। कुल मिलाकर यह मैराथन बोकारो को फिट और जागरूक शहर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *