59 बिंदुओं में सरकार की उपल​ब्धियां बताई:राज्यपाल बोले- किसानों को 52 हजार करोड़ रुपए ​दिए 24 घंटे खुली रहेंगी दुकानें

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। यह 21 मार्च तक चलेगा। इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। राज्यपाल ने अभिभाषण के दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रयत्नशील है। इसीलिए कानून में बदलाव किया गया है जिसके तहत दुकानें अब 24 घंटे सातों दिन खुली रह सकेंगी। इससे न केवल कारोबार बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए मौके पैदा होंगे। उपभोक्ताओं को भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा ​कि सरकार की प्राथमिकता किसान हैं। इस साल विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 52 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि किसानों के खाते में डाली गई है। 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को 10-10 हजार रुपए की राशि दी गई है। किसान सम्मान निधि से 24 लाख 31 हजार 993 किसान लाभान्वित हो रहे हैं। जैविक खेती मिशन अंतर्गत अब तक 22 हजार 180 हेक्टेयर रकबे का जैविक जीपीएस प्रमाणीकरण कर 39 हजार 950 किसानों को लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि ‘महतारी वंदन योजना’ की एक हजार रुपए की राशि 69 लाख 54 हजार माताओं-बहनों के खाते में दी जाती है। इसी तरह युवाओं को एआई से जोड़ने में सरकार अग्रणी भूमिका निभा रही है। अटल नगर नवा रायपुर में 14 एकड़ में डेटा सेंटर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासकीय विभागों में 9 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया मेरी सरकार ने आरंभ की है। इसी तरह प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत 31 हजार 956 आवेदनों पर 55 करोड़ 61 लाख रुपए का कर्ज व्यवसायों को बढ़ाने के लिए मंजूर किया गया है। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 18 व्यवसायों के 49 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। निकायों में भी सरकार आने से अच्छा होगा समन्वय: नगरीय निकायों में अब नई निर्वाचित सरकार चुनी गई है। अब प्रदेश को ट्रिपल इंजन की सरकार मिल गई है। केंद्र, राज्य तथा स्थानीय निकायों में बेहतर समन्वय होने से निश्चित ही बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। महापौर और अध्यक्ष के लिए प्रत्यक्ष निर्वाचन की परंपरा पुनः आरंभ की। ये भी बोले राज्यपाल: सड़कों और पुलों के लिए 5 हजार करोड़ से ज्यादा:डेका ने बताया कि 2024-25 में राज्य मद के तहत 899 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा हो गया है। छत्तीसगढ़ रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्पाेरेशन लिमिटेड द्वारा सड़कों और पुलों के लिए 5784 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 451 कार्य पूर्ण हो गए। 2768 किलोमीटर रेल पटरियां बिछाई गई प्रदेश में 26 परियोजनाओं के तहत 2768 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं। इनकी लागत 38 हजार 378 करोड़ रुपए है। 1,672 करोड़ रुपए की लागत से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ 32 अमृत रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है। 2025-26 में केन्द्र द्वारा छत्तीसगढ़ के रेल विकास के लिए 6925 करोड़ रुपए आवंटित किया गया है। आमने-सामने राज्यपाल का अ​भिभाषण झूठ का पुलिंदा: भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में नया कुछ नहीं था। कांग्रेस सरकार की योजनाओं का उल्लेख अभिभाषण में किया गया। सभी मायनों में सरकार फेल है। राज्यपाल के अभिभाषण में पुरानी बातें हैं, या तो झूठ का पुलिंदा है। साय सरकार अपने वादे पूरे कर रही: विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार खामोशी से अपने वादों को पूरा कर रही है। 5 लाख भूमिहीन मजदूरों के खाते में भी पैसा गया। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हराने के आरोप पर कहा कि,ये तर्कहीन बाते हैं। कितने मतों से निर्णय आ रहे वह कांग्रेस देख ले। 26 गांवों में पहली बार फहराया गया तिरंगा डेका ने कहा, ‘सरकार की रणनीति, जवानों के हौसले और जनता के संकल्प से 14 महीने में 300 से अधिक नक्सली मारे गए। नक्सल प्रभावित 26 गांवों में पहली बार ध्वजारोहण व पंचायत चुनावों में वोटिंग हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *