6 दिन में 11.89 लाख श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंचे:25 दिसंबर को सबसे ज्यादा 2.57 लाख आए, कल भी उमड़ेगी भीड़

श्री महाकालेश्वर मंदिर में क्रिसमस की छुट्टी, लगातार वीकेंड और नए साल की आहट के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। 25 से 30 दिसंबर के बीच मात्र 6 दिनों में 11 लाख 89 हजार 740 से अधिक भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर प्रबंधन से जारी आंकड़ों के अनुसार, 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी के कारण सर्वाधिक 2 लाख 57 हजार 902 श्रद्धालु पहुंचे। इसके बाद श्रद्धालुओं को संख्या कम होती गई। 30 दिसंबर को 1.66 लाख श्रद्धालु ही महाकाल मंदिर पहुंचे जो कि क्रिसमस के दिन से करीब 91 हजार कम थे। हालांकि क्रिसमस की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने नई व्यवस्था की थी जिसमें श्रद्धालुओं को एंट्री करीब डेढ़ किमी दूर चारधाम मंदिर से मिल रही है। जबकि अभी भीड़ इतनी नहीं है। जितना मंदिर समिति सोच रही थी। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, श्रद्धालुओं का आगमन अभी भी जारी है। बड़ी संख्या में भक्त नए साल की शुरुआत भगवान महाकाल के दर्शन के साथ करना चाहते हैं, जिसके चलते देश के विभिन्न हिस्सों से लोग उज्जैन पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इसमें जगह-जगह बैरिकेडिंग, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और कतार व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाकाल मंदिर के साथ-साथ हरसिद्धि, काल भैरव और रामघाट जैसे अन्य धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। पूरे शहर में इन दिनों एक धार्मिक माहौल देखा जा रहा है। मंदिर समिति का अनुमान है कि नववर्ष पर लगभग 2 लाख श्रद्धालु उज्जैन में दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *