भास्कर न्यूज |जांजगीर साल 2025 में सड़क हादसों में बढ़ोतरी हुई है और इस साल भी जिले में सड़क हादसे लगातार हो रहे हैं। जिले में 6 ऐसे ब्लैक स्पॉट (दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र) चिन्हित किए गए हैं, जहां दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है। अब लोगों की सुरक्षा के लिए इन स्थानों पर आवश्यक उपाय किए जाएंगे। ब्लैक स्पॉट पर निर्माण एजेंसी को मार्गों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, स्पीड ब्रेकर का निर्माण/सुधार, संकेतक बोर्ड लगाने, सड़क पर सफेद मार्किंग करने, पेड़-पौधों की कटाई एवं छंटाई करने, कैट आई एवं ब्लिंकर लगाने तथा सड़क शोल्डर की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्माण एजेंसी को दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक इंजीनियरिंग सुधार कार्य तत्काल करने के निर्देश दिए। बता दें कि साल 2024 की तुलना में 2025 में सड़क हादसों में मौत की संख्या में 6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। 30 दिसंबर 2025 तक जिले में 511 सड़क हादसे हुए, जिनमें 239 लोगों की जान गई। वहीं 436 लोग घायल हुए हैं। इसके मुकाबले 2024 में जिले में 466 सड़क हादसे दर्ज किए गए थे। इन चौक-चौराहों पर सुधार कार्य कराया जाएगा अमरताल मोड़ (पानी टंकी के पास), अकलतरा मोड़ (पामगढ़), मुड़पार चौक (जांजगीर), आज़ाद चौक (बनारी), हथनेवरा चौक, तालदेवरी मोड़ (बिर्रा) सहित अन्य दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों जैसे आरसमेटा चौक, मुलमुला चौक और खोखरा से पामगढ़ रोड तक टीम द्वारा अवलोकन किया गया। यहां सुधार होगा।


