मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर भी अधिकारी घोर लापरवाही बरत रहे हैं। सीएम ग्रिड की सड़कों के 6 माह पहले शिलान्यास कर काम की शुरुआत की गई थी। लेकिन अभी तक इन सड़कों पर एक मीटर भी काम शुरू नहीं हो सका है। 1 इंच भी रोड नहीं बन सकी है। जबकि टेंडर के बाद कंपनी तक अलॉट हो चुकी है। 6 महीने बाद भी काम शुरू नहीं
सीएम ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट शहरी (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर में पहले चरण में 5 सड़कों में से 4 की टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। सभी 4 सड़कों का शिलान्यास भी हो चुका है। बाबा कुटी चौराहा से सोटेबाबा मंदिर तक की सड़क का शिलान्यास 6 माह पहले ही किया जा चुका है। लेकिन आज तक ये सड़क एक मीटर भी नहीं बन सकी है। इसी तरह जोन 6 में बगिया क्रासिंग कल्याणपुर से केसा आफिस तक सड़क का शिलान्यास 2 माह पहले महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक नीलिमा कटियार ने किया था, लेकिन आज तक इस सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। विशेष सचिव के आने से पहले लगाई जेसीबी
गुरुवार को सीएम ग्रिड की सड़कों के कार्य को देखने के लिए यूरिडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व विशेष सचिव एमबी सिंह कानपुर दौरे पर पहुंचे थे। क्षेत्रीय पार्षद कौशल मिश्रा ने बताया कि उनको दिखाने के लिए जेसीबी से कुछ हिस्से में मिट्टी हटाई गई। उनके जाने के बाद ही जेसीबी भी चली गई और अब फिर से काम बंद हो गया है। बाबा कुटी चौराहा से सोटेबाबा मंदिर तक की सड़क का भी यही हाल है। क्षेत्रीय पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने बताया कि विशेष सचिव के दौरे से पहले जेसीबी लगाकर कुछ अवैध निर्माण तोड़े गए थे। लेकिन अब काम फिर से बंद है। जबकि सड़क का शिलान्यास 6 माह पहले किया जा चुका है। अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। चीफ इंजीनियर से की गई शिकायत
पार्षदों ने चीफ इंजीनियर सैय्यद जैदी से मिलकर शिकायत भी दर्ज कराई है। लेकिन बावजूद इसके सीएम ग्रिड की सड़कों पर कोई कार्य शुरू नहीं हो सका है। पार्षदों के मुताबिक चीफ इंजीनियर ने रोजाना 100 मीटर तक काम करने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके काम शुरू तक नहीं हो सका है। यूटिलिटी शिफ्टिंग तक का कार्य शुरू नहीं किया गया है। क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी… मामले में सीएम ग्रिड सड़कों के नोडल अधिकारी दिवाकर भास्कर ने बताया कि सड़कों पर काम किया जा रहा है। बड़ा प्रोजेक्ट है इसलिए काम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अवैध निर्माणों को हटाने का काम किया जा रहा है। कुछ लोगों ने माेहलत मांगी है, उन्हें मोहलत दी गई है। सीएम ग्रिड के तहत रोड की ये होंगी विशेषताएं
सुरक्षित सड़क और जंक्शन, समान चौड़ाई ट्रैफिक लेन की व्यवस्था, भूमिगत सर्विस की सुविधा, टिकाऊ तकनीक का उपयोग, सार्वजनिक स्थान व स्ट्रीट फर्नीचर की सुविधा, ग्रीन कवर किया जाएगा, ग्रीन सड़क पर यूटिलिटी डक्ट फुटपाथ, सौर आधारित स्ट्रीट लाइट आदि। आधुनिक तरीके से होगा सड़कों का निर्माण
सुरक्षित सड़क और जंक्शन, समान चौड़ाई ट्रैफिक लेन की व्यवस्था, भूमिगत सर्विस की सुविधा, टिकाऊ तकनीक का उपयोग, सार्वजनिक स्थान व स्ट्रीट फर्नीचर की सुविधा, ग्रीन कवर, ग्रीन सड़क पर यूटीलिटी डक्ट फुटपाथ, सौर आधारित स्ट्रीट लाइट की सुविधा दी जाएगी। यह सड़कें स्मार्ट तकनीक से लैस होंगी। जिसमें किसी भी प्रकार की समस्या होने पर भविष्य में सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यूटिलिटी डक्ट फुटपाथ की मदद से समस्या को दूर कर दिया जायेगा। सीएम ग्रिड योजना के पहले फेज में इन सड़कों पर काम
1. जोन 2 में राजाराम चौराहा से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए हमीरपुर रोड तक
लागत: 39.84 करोड़ रुपये, लंबाई: 4.30 किलोमीटर
2. जोन 3 बर्रा बाईपास कर्रही रोड से रामबाग तिराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग मेट्रो लाइन
लागत : 61.51 करोड़ रुपए, लंबाई : 6.05 किलोमीटर
3. जोन 3 में बाबाकुटी चौराहा से सोटेबाबा मंदिर होते हुये अलंकार गेस्ट हाउस तक
लागत : 20.45 करोड़, लंबाई : 2.34 किलोमीटर
4. जोन 6 में बगिया क्रासिंग कल्याणपुर से केसा आफिस तक सड़क का निर्माण
लागत : 10.84 करोड़, लंबाई : 1.15 किलोमीटर इस सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है
5. जोन-1 में घंटाघर से ग्रीनपार्क चौराहा तक सड़क का निर्माण
लागत : 27 करोड़, लंबाई : 2.85 किमी. सीएम ग्रिड के तहत दूसरे चरण में बनेंगी ये सड़कें
1. थाना स्वरूप नगर से गोपाल चौराहा तक सड़क: 2650 मीटर
2. लाल बंगला से वीआईपी रोड तथा पैसिफिक लान से जेके प्रथम चौराहे तक: 2680 मीटर
3. दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर चौराहा होते हुए एच ब्लॉक चौराहे तक: 1885 मीटर
4. गुलमोहर विहार से किदवई नगर थाना होते हुए बुद्ध विहार तिराहे तक: 2245 मीटर
5. गुरुदेव चौराहा से चिड़ियाघर चौराहे तक: 2750 मीटर


