6 माह से नाली का काम अधूरा, रोजाना हो रहे हादसे

भास्कर न्यूज | पटना नगर पंचायत पटना के वार्ड क्रमांक 6 में सड़क किनारे बन रही अधूरी नाली अब दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही है। गायत्री मंदिर चौक से मोहम्मद शाहिद के घर तक सड़क किनारे नाली निर्माण का कार्य छह महीनों से पूरी तरह बंद है। नाली अधूरी रहने के कारण सड़क किनारे गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे रोजाना छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अधूरी नाली के कारण जाम भी लग रहा है। प्रीतपाल सिंह और बिगना खान ने बताया कि नाली निर्माण के दौरान लगाए गए लोहे के छड़ ऊपर की ओर निकले हुए हैं, जिनसे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार छोटे बच्चे और राहगीर इन गड्ढों में गिर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हो सका है। लोगों ने कहा नाली निर्माण कार्य में ठेकेदार गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दे रहा है। नाली और सड़क के बीच तय दूरी का भी पालन नहीं किया। कहीं नाली सड़क के डामर से सटाकर बनाई जा रही थी, तो कहीं एक मीटर और कहीं दो मीटर की दूरी पर खुदाई कर आनन-फानन में काम किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए अधिकारियों ने निर्माण कार्य को रोक ठेकेदार को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि आदेश के बावजूद आज तक ठेकेदार ने अधूरी नाली का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं है। इसी मार्ग से शाउमावि कन्या पटना, शासकीय कॉलेज, स्वामी आत्मानंद स्कूल, एसएसडीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल, आकार पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और सीएचसी पहुंचने भी लोग इसी सड़क का उपयोग करते हैं। वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद राजेश सोनी ने बताया कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण नाली निर्माण कार्य बंद है। अधूरी नाली में कई बार बच्चे गिर चुके हैं और लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने संबंधित विभाग को आवेदन दिया है, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *