भरतपुर जिले के रुदावल ग्राम पंचायत के 6 वार्ड खेड़ा ठाकुर ग्राम पंचायत में जोड़ने के बाद लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। आज एक टीम 6 वार्डों की भौगोलिक स्थिति देखने के लिए पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोग भी कमेटी से मिले। लोगों ने कमेटी के सदस्यों को बताया कि इन वार्डों को दूसरी ग्राम पंचायत में जोड़ने से कई सुविधाएं भी खेड़ा ठाकुर ग्राम पंचायत में चली जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर टीम का किया गया गठन SDM विष्णु मित्तल ने बताया कि ग्राम पंचायत रुदावल के 6 वार्ड राजस्व सीमा खेडा ठाकुर में बसे हुए हैं। नए परिसीमन में इन वार्डों को खेडा ठाकुर की राजस्व भूमि में बसे होने का आधार मानते हुए खेड़ा ठाकुर ग्राम पंचायत में जोड दिया गया है। इसको लेकर वार्डों के लोग लगातार विरोध जता रहे थे। जिसको लेकर कलेक्टर कमर चौधरी के निर्देश के बाद एक टीम का गठन किया गया है। लोगों ने टीम को बताई समस्याएं आज टीम मौके पर पहुंचकर भौगोलिक स्थिति को जाना। साथ ही वार्डों का जायजा लिया गया। कस्बे के लोगों से बात भी की गई। इस दौरान काफी लोग कमेटी के सामने उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि वह कई सालों से रुदावल कस्बे में निवासी कर रहे हैं। साथ ही रुदावल ग्राम पंचायत से ही सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहे हैं। रुदावल में ही मतदान भी करते आ रहे हैं। इसलिए 6 वार्डों को रुदावल ग्राम पंचायत में ही रखा जाए। कई सुविधाएं भी दूसरी ग्राम पंचायत में गई लोगों ने कमेटी के सामने कहा कि वार्ड संख्या 1 से 5 और वार्ड नंबर 13 खेड़ा ठाकुर ग्राम पंचायत में जोड़ना अन्याय है। इस परिसीमन से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शमशान, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जलदाय विभाग की परियोजना को भी खेड़ा ठाकुर ग्राम पंचायत में जोड़ दिया गया है। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर


