सीहोर जिला पंचायत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नेहा जैन ने ग्रामीण विकास कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण कड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने एक उपयंत्री, 6 रोजगार सचिवों और 2 ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। सीईओ नेहा जैन ने ग्राम थूनाकला का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, एनआरएलएम और सीएलएफ सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीहोर जनपद पंचायत के उपयंत्री के साथ-साथ दुपाडिया, बिजलोन, खामलिया, पाडली, रायपुरा और डोडी के सचिवों व बिजलोन और दुपाडिया के ग्राम रोजगार सहायकों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जनपद सीईओ नमिता बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


