रावत पब्लिक स्कूल, प्रताप नगर में 17वां वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह इत्र निर्मला ऑडिटोरियम में अत्यंत गरिमामयी एवं भव्य तरीके से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रावत एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन बी. एस. रावत एवं चेयरपर्सन निर्मला रावत की ओर से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत राम स्तुति और सरस्वती वंदना ने वहां आध्यात्मिक वातावरण बना दिया। सांस्कृतिक सत्र के दौरान प्रस्तुत की गई विविध एवं आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। म्यूजिकल बैंड फ्यूजन, नरसिम्हा, छावा और योग, ताइक्वांडो और स्केटिंग के रोमांचक प्रदर्शन ने समारोह को नई ऊंचाइयां दीं। छात्रों की ओर से तारक मेहता का उल्टा चश्मा, स्टैच्यू डांस, निंजा डांस जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया गया। लगान और ऑपरेशन सिंदूर जैसी देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियों ने सभागार में मौजूद अभिभावकों व अतिथियों के मन में राष्ट्रप्रेम की ऊर्जा भर दी। इसके साथ ही वेस्टर्न जूनियर-सीनियर डांस और पंजाबी डांस ने उत्सव के माहौल को पूरी तरह जीवंत कर दिया। 600 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर समारोह में 600 से अधिक विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिसे 1500 से अधिक अभिभावकों, अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साह के साथ देखा और सराहा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट बोर्ड परिणाम देने वाले शिक्षकों को राधाकृष्णनन गोल्डन एवं सिल्वर अवार्ड, बोर्ड परीक्षाओं में अव्वल विद्यार्थियों को रावत गौरव तथा रावत प्रतिभा अवार्ड और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। रावत एजुकेशनल ग्रुप के निदेशक एवं अक्षेंद्र वेलफेयर सोसायटी के सचिव नरेंद्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय समग्र विकास, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। निदेशक हेमेन्द्र सिंह रावत ने भी सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्या मैत्रेयी शुक्ला की ओर से विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें सत्र के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं नवाचार आधारित उपक्रमों की जानकारी साझा की गई।समारोह का समापन एकेडमिक हेड राजेश कंथारिया द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।


