61 दिन बाद कोडरमा में मिला रांची का कन्हैया:अपहरण या लापता पर असमंजस की स्थिति, बच्चे ने बताया – चला गया नानी घर हाजीपुर

रांची के ओरमांझी के रहने वाले 12 साल के कन्हैया को पुलिस ने कोडरमा से बरामद किया है। पुलिस उसे 61 दिनों के बाद बरामद कर सकी है। उसे चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखाड़ी से बरामद किया गया है। वह 22 नवंबर की शाम रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र से लापता हुआ था। बच्चे की बरामदगी के बाद पूछताछ में उसने बताया कि वह हाजीपुर अपनी नानी घर चला गया था। वहां से ओरमांझी लौटते समय बस किराया नहीं दे पाने के कारण उसे बसवाले ने चंदवारा के जामुखाड़ी में उतार दिया गया। इसके बाद वह भटकते हुए राजा कुमार के पास पहुंच गया। अपहरण या लापता पर असमंजस की स्थिति बरामदगी के बाद बच्चा घबराया हुआ है। मामले की जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि कन्हैया को चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखाड़ी से बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे का अपहरण हुआ था या खुद से लापता हुआ था। बच्चा डरा-सहमा हुआ है। मां से मिलने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी। मिली जानकारी के अनुसार आज चंदवारा थाना पुलिस को उरवां इलाके में एक गुमशुदा बच्चे के होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। इसके बाद बच्चे की तस्वीर जिले के पुलिस कप्तान अनुदीप सिंह को भेजी गई। एसपी ने तत्परता दिखाते हुए तस्वीर रांची के एसएसपी राकेश रंजन को भेजी, जहां से पुष्टि हुई कि यह बच्चा ओरमांझी से लापता कन्हैया कुमार ही है। सत्यापन के बाद ओरमांझी पुलिस चंदवारा थाना पहुंची। मां को खुद से बना कर खिलाया चाट, फिर हुआ गायब जानकारी के अनुसार कन्हैया 22 नवंबर 2025 की शाम ओरमांझी ब्लॉक चौक स्थित एसएस प्लस-टू उच्च विद्यालय के पास फुटबॉल खेलने गया था। खेल के बाद वह ममता मार्केट पहुंचा। यहां उसकी मां फुचका बेचती थी। वहां उसने खुद चाट बनाकर मां को खिलाई। फिर थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर चला गया, लेकिन फिर वापस नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला। इधर, मछली विक्रेता राजा कुमार ने भी बच्चे के मिलने की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर साझा की थी। उसने बताया कि यह बच्चा उनके पास बीते 24 दिसंबर की शाम को ही पहुंचा था। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर बच्चे की जानकारी लेने की कोशिश की पर पता नहीं चल सका। इस बीच सोशल मीडिया पर ओरमांझी के एक महिला के बच्चे के लापता होने की खबर पढ़ी। जिसे उन्होंने उक्त बच्चे को दिखाया। जिसे देख वह भावुक हो उठा। जिसके बाद उन्होंने बच्चे की सूचना चंदवारा पुलिस को दी। बरामदगी के लिए सात राज्यों में की छापेमारी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बच्चे की रिकवरी को लेकर रांची पुलिस द्वारा एक एसआईटी का गठन किया गया था। उक्त एसआईटी टीम के द्वारा उक्त बच्चे की तस्वीर राज्य के सभी थानों को भेज दी गई थी। साथ ही देश भर के 7 राज्यों में उसकी बरामदगी के लिए छापेमारी भी कर रही थी। कन्हैया की सकुशल बरामदगी को कोडरमा पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इन दिनों राज्य में बड़े पैमाने पर बच्चा चोर गिरोह सक्रिय है। रांची के धुर्वा से दो बच्चों के लापता होने के बाद उन्हें रामगढ़ से बरामद किया गया था। इधर रविवार को रांची पुलिस द्वारा इन बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *