65 वर्ष के कॉलेज में कई विषयों में लेक्चरर ही नहीं

मनोज सिन्हा| सिमडेगा 65 साल के हो चुके सिमडेगा कॉलेज में कई विषयों के लेक्चरर नहीं हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाला सिमडेगा कॉलेज वर्तमान में कई समस्याओं से घिरा हुआ है। विद्यार्थी सेशन लेट होने की समस्या से जूझ रहे हैं। 2022- 26 सेशन के विद्यार्थियों का सेमेस्टर 8 जून 2026 तक पूरा हो जाना चाहिए था। वहीं 2023- 27 के विद्यार्थियों का सेमेस्टर 6 भी अब तक कंप्लीट नहीं हुआ है, वे अभी सेमेस्टर 4 में हैं। विद्यार्थियों का लगभग एक साल का सेशन लेट चल रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि इससे उनके फ्यूचर प्लानिंग पर असर पड़ रहा है। कॉलेज शिक्षकों की कमी की समस्या से भी जूझ रहा है। साइंस में जूलॉजी, बॉटनी और जियोलॉजी के एक भी शिक्षक नहीं हैं। वही फिजिक्स केमिस्ट्री और मैथ्स में सिर्फ एक-एक टीचर हैं। आर्ट में हिंदी और संस्कृत में सिर्फ एक-एक शिक्षक हैं। नागपुरी और कुड़ुख जैसी जनजातीय भाषाओं में एक भी शिक्षक नहीं हैं। स्थिति का प्रतिकूल प्रभाव शिक्षण व्यवस्था पर पड़ रहा है। विभिन्न विषयों की पढ़ाई विद्यार्थियों को खुद करनी पड़ रही है। इसका असर कॉलेज के परीक्षा परिणाम पर भी पढ़ सकता है। पीजी में भी है शिक्षकों की कमी कॉलेज में वर्ष 2020 से पी जी की पढ़ाई शुरू हुई है। यहां कॉमर्स, हिस्ट्री, हिंदी, रीजनल लैंग्वेज, इकोनॉमिक्स, पॉलिटिकल साइंस, ज्योग्राफी की पढ़ाई हो रही है। मुश्किल यह है कि कई विषयों में ग्रेजुएशन के सभी सेमेस्टर और पीजी तक की पढ़ाई सिर्फ एक शिक्षक के जिम्मे है। कई विषयों में तो शिक्षक ही नहीं है। विद्यार्थियों ने कहा कि इन समस्याओं की ओर यूनिवर्सिटी का ध्यान आकृष्ट किया जाना चाहिए। ऊंचे पदों पर हैं सिमडेगा कॉलेज के कई विद्यार्थी सिमडेगा कॉलेज की स्थापना 1960 ई में हुई थी। इसके लिए टुकुपानी निवासी स्व. जगदीश प्रसाद ने 16 एकड़ भूमि दान में दी थी। रामरतन प्रसाद जी , माधवचंद्र सारंगी जी, रामावतार जी आदि इसके संस्थापक सदस्य रहे। अब तक इस कॉलेज के कई विद्यार्थी ऊंचे पदों तक पहुंचे हैं। आई पी एस पद्मन सिंह 70 के दशक में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में रहे। इस कॉलेज के कई विद्यार्थी प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सक, अभियंता आदि पदों पर सेवाकार्य कर रहे हैं। हॉकी के क्षेत्र में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता कुमारी, महिमा टेटे, अलेक्स लकड़ा, अभय एक्का, सुषमा कुमारी आदि ने सिमडेगा कॉलेज में ही पढ़ाई की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *