डिंडोरी जिले की बजाग जनपद पंचायत के पत्थरकुचा ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत नल जल योजना का काम मार्च-अप्रैल में पूरा हो गया था। टेस्टिंग के बाद भी यह योजना पिछले सात महीनों से बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं। वहीं, विभागीय इंजीनियर एक सप्ताह के भीतर योजना शुरू करने का दावा कर रहे हैं। ग्रामीण ददन धुर्वे ने बताया कि पत्थरकुचा रैयत और माल की कुल आबादी लगभग 2 हजार है। माल क्षेत्र में चार हैंडपंप में से तीन बंद पड़े हैं, जबकि रैयत में 13 में से 12 हैंडपंप चालू हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नल जल योजना का काम मार्च-अप्रैल में पूरा हो चुका है, लेकिन कई स्थानों पर पाइपलाइन जमीन के ऊपर बिछाई गई है, जो अब टूट रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। विभागीय इंजीनियर अंशुल बिसेन ने बताया कि यह योजना लगभग 70 लाख रुपए की लागत से पाइपलाइन विस्तार के साथ पूरी की गई है। इसके तहत लगभग डेढ़ सौ नल कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ जगहों पर ठेकेदार ने पाइपलाइन ऊपर बिछाई है, जिसके सुधार के लिए उसे बुलाया गया है। इंजीनियर बिसेन के अनुसार, ऑपरेटर की नियुक्ति न होने के कारण योजना शुरू नहीं हो पाई थी, लेकिन अब एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कर ऑपरेटर नियुक्त कर दिया जाएगा और ग्रामीणों को पानी मिलने लगेगा।


