7 मिनट में बनाया दुनिया का सबसे लंबा सैंडविच:269.9 फीट लंबे और 8 इंच चौड़े सैंडविच में 5 तरह के सॉस; लिम्का बुक में नाम दर्ज

दुनिया के सबसे लंबे सैंडविच को लेकर भोपाल रविवार को रिकॉर्ड का गवाह बना। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM) भोपाल ने 269.9 फीट लंबा और करीब 8 इंच चौड़ा सैंडविच तैयार किया। यह सैंडविच मात्र 7 मिनट 26 सेकेंड में बनाया गया। लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम की मौजूदगी में पूरा आयोजन हुआ और रिकॉर्ड फिलहाल दर्ज कर लिया गया है। फाइनल अप्रूवल के लिए दो से ढाई महीने का इंतजार करना होगा। भोपाल में बना दुनिया का अनोखा सैंडविच
सैंडविच का नाम सुनते ही मुंह में पानी आना स्वाभाविक है, लेकिन जब बात दुनिया के सबसे लंबे सैंडविच की हो, तो उत्सुकता और भी बढ़ जाती है। रविवार, 14 दिसंबर को भोपाल में लोगों ने 269.9 फीट लंबा और करीब 8 इंच चौड़ा सैंडविच बनते हुए देखा, जो अपने आप में एक अनोखा नजारा था। 300 फीट टेबल, एडिबल ग्लू से जुड़ी ब्रेड
IHM भोपाल के प्रिंसिपल डॉ. रोहित सरीन के अनुसार, यह प्रयोग न सिर्फ शहर बल्कि देश के लिए भी खास है। सैंडविच बनाने के लिए 300 फीट लंबी टेबल लगाई गई। 24 इंच लंबे ब्रेड लोफ्स को विशेष रूप से तैयार किए गए एडिबल ग्लू की मदद से जोड़ा गया, जिससे 269.9 फीट लंबा एकसमान ब्रेड पीस तैयार किया जा सका। स्वाद और वैरायटी का रखा पूरा ध्यान
इतने बड़े सैंडविच में स्वाद और गुणवत्ता बनाए रखना भी बड़ी चुनौती थी। इसमें तीन तरह की लैट्यूस, कैप्सिकम, तीन प्रकार के बेल-पेपर, ओलिव्स, जलेपिनो और करीब 5 से 6 तरह के स्प्रेड्स का इस्तेमाल किया गया। आयोजकों का दावा है कि यह अपने आप में दुनिया का एक अनोखा और खास रिकॉर्ड है। रिकॉर्ड नहीं, छात्रों में आत्मविश्वास था उद्देश्य
डॉ. सरीन का कहना है कि इस पहल का मकसद सिर्फ रिकॉर्ड बनाना नहीं था, बल्कि स्टूडेंट्स और फैकल्टी के भीतर यह आत्मविश्वास पैदा करना था कि वे असंभव दिखने वाले काम भी कर सकते हैं। यह “फील गुड फैक्टर” छात्रों की क्रिएटिव स्किल्स को नई दिशा देगा और टीमवर्क की भावना को मजबूत करेगा। खाना बनाना पेशा नहीं, सेवा का माध्यम
IHM भोपाल के प्रिंसिपल डॉ. रोहित सरीन ने कहा कि खाना बनाना केवल एक प्रोफेशन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में गेस्ट को भगवान माना जाता है और सेवा करने का अवसर मिलना सबसे बड़ी बात होती है। इसी सोच को छात्रों में विकसित करने के लिए ऐसे आयोजन किए जाते हैं। बता दें डॉ. सरीन स्वयं IHM के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने 1994 में यहीं से पढ़ाई पूरी की थी और आज उसी संस्थान में प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत हैं। उनका मानना है कि छात्रों को अपने कॉलेज के इतिहास और उपलब्धियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे पहले भी IHM भोपाल 100 फीट और 223 फीट लंबे सैंडविच बनाकर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करा चुका है। हर हिस्से में एक जैसा स्वाद बनाना था चुनौती
डॉ. सरीन ने बताया कि इतने लंबे सैंडविच में हर हिस्से का स्वाद एक जैसा बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती थी। इसके लिए सब्जियों को समान आकार में काटा गया और एक ही रेसिपी व सामग्री का उपयोग किया गया। सैंडविच में पांच तरह के सॉस, विभिन्न सलाद, पर्पल कैबेज, तीन प्रकार की शिमला मिर्च, प्याज, ओलिव्स और जलेपिनो शामिल किए गए। दो महीने की तैयारी, बिना टीमवर्क संभव नहीं
यह प्रयोग छात्रों को प्रोफेशनल लेवल पर काम करने का अनुभव देने के साथ-साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा। डॉ. सरीन के अनुसार, बिना टीमवर्क के ऐसा कोई प्रयोग संभव नहीं होता। इस रिकॉर्ड के लिए पिछले दो महीनों से लगातार तैयारी की जा रही थी। लिम्का बुक रिकॉर्ड का इंतजार
लिम्का बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने पूरे आयोजन का मैनेजमेंट किया और पूरी प्रक्रिया का वीडियो शूट भी किया। प्रिंसिपल सरीन के अनुसार, रिकॉर्ड फिलहाल दर्ज कर लिया गया है। फाइनल अप्रूवल में करीब दो से ढाई महीने का समय लग सकता है। सैंडविच की कुल लंबाई 269.9 फीट रही, जिसे 7 मिनट 26 सेकेंड में तैयार किया गया। 6 टीमों में बंटे स्टूडेंट्स
इस मेगा सैंडविच को तैयार करने के लिए स्टूडेंट्स को 6 टीमों में बांटा गया था। हर टीम को करीब 40 फीट लंबे हिस्से की जिम्मेदारी दी गई। बता दें कि डॉ. रोहित सरीन इससे पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने 100 फीट लंबा सैंडविच बनाया था, जबकि 2017 में जालंधर में मात्र 5 मिनट में 228 ऑमलेट तैयार करने का रिकॉर्ड भी दर्ज कराया था। ……………………….. यह खबर भी पढ़ें…
इंदौर में आंखों पर पट्टी बांधकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड इंदौर में रविवार को शिक्षा और मानव क्षमता के क्षेत्र में एक नया इतिहास लिखा गया। यहां आयोजित भव्य “क्वांटम ब्रेन परेड” के दौरान 235 छात्रों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर तीन घंटे तक लगातार विभिन्न जटिल गतिविधियां कीं और ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज कराया। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *