7 मीटर की सर्विस लेन से पेंड्री जाना होगा अब सुरक्षित

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव नेशनल हाईवे 53 पर सोमनी से चिचोला तक सुरक्षित यातायात के लिए दुर्घटना जनित क्षेत्र पर सर्विस रोड व वाहन अंडर पास का निर्माण कार्य प्रारंभ हो रहा है। राजनांदगांव में यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर परिवहन की सुविधाओं के विस्तारीकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर सोमनी से लेकर चिचोला तक वाहन सुरक्षा के लिए सड़क सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिसमें कुल 3 वाहन अंडरपास और सर्विस मार्ग निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सोमनी से चिचोला तक हादसा मुक्त आवागमन की दिशा में जल्द कार्य प्रारंभ होगा। इस दिशा में मूंदड़ा कुंज से ट्रांसपोर्ट नगर बाइपास तक दोनों तरफ सर्विस रोड और पेंड्री में वाहन अंडरपास के लिए कुल 47 करोड़ लागत, सुंदरा डेंटल कॉलेज से पार्री नाला तक एक तरफ के सर्विस रोड निर्माण के लिए 7.8 करोड़ लागत, सोमनी गांव के दोनों छोर ईरा मोड तथा खुटेरी मोड तक सर्विस रोड के निर्माण के लिए लगभग 4.78 करोड़ की लागत, महाराजपुर के लिए वाहन अंडरपास एवं मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ सर्विस रोड के लिए कुल 22 करोड़ की लागत और चिचोला, एलबी नगर, डोंगरगढ़ रोड के पास वाहन अंडरपास एवं मुख्य सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड के लिए कुल 27 करोड़ की लागत की टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष के प्रयास से मिली स्वीकृति विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह के प्रयास से इन विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिसके पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को इस सर्विस लेन से लाभ होगा। यह मार्ग हादसों से मुक्त होगा और हाईवे पर आवागमन करने वाले वाहनों को इन सुविधाओं का लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री सड़क एवं परिवहन मंत्रालय नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए डॉ.सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व गडकरी के नेतृत्व में केवल छग ही नहीं बल्कि पूरे देश में सड़कों का जाल बिछाने का काम हुआ है और राजनांदगांव भी अग्रसर है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *